दाऊ अग्रवाल समाज में नाराजगी, कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित..

रायपुर। छत्तीसगढ़ी दाऊ अग्रवाल समाज रायपुर इकाई की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार को पुरानी बस्ती स्थित अग्रवाल भवन में आयोजित की गई। बैठक में समाज के पदाधिकारियों और सदस्यों ने सर्वसम्मति से गिरीश चंदेल के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित किया। समाज ने आरोप लगाया कि कृषि विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में दाऊ अग्रवाल समाज की लगातार उपेक्षा की जा रही है, जिससे समाज में गहरा आक्रोश है।

समाज के केंद्रीय अध्यक्ष अनुराग अग्रवाल ने कहा कि कुछ दिनों पहले आयोजित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में समाज के प्रतिनिधियों और दानदाता परिवार को आमंत्रित नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि दाऊ कल्याण सिंह अग्रवाल द्वारा कृषि विश्वविद्यालय के लिए लगभग 1800 एकड़ भूमि दान में दी गई थी, जिसके कारण विश्वविद्यालय को स्थापित होने और पहचान मिलने में बड़ी मदद मिली। आज भी कृषि विश्वविद्यालय प्रदेश के किसानों के विकास और कृषि अनुसंधान का प्रमुख केंद्र माना जाता है।

उन्होंने कहा कि ऐसे महान दानदाता परिवार और उनके वंशजों की उपेक्षा करना उचित नहीं है। समाज का आरोप है कि इससे पहले भी इस तरह की घटना हो चुकी थी, तब कुलपति द्वारा भविष्य में गलती नहीं दोहराने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन इस वर्ष फिर समाज को नजरअंदाज किया गया।

बैठक में केंद्रीय अध्यक्ष अनुराग अग्रवाल ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि अगले सात दिनों के भीतर कुलपति प्रोफेसर गिरीश चंदेल समाज से सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते हैं, तो समाज द्वारा मुख्यमंत्री, राज्यपाल, कृषि मंत्री सहित विभिन्न स्तरों पर शिकायत की जाएगी।

बैठक में केंद्रीय कार्यकारी अध्यक्ष अजय दानी, केंद्रीय उपाध्यक्ष श्याम अग्रवाल, रायपुर इकाई अध्यक्ष अमित अग्रवाल, केंद्रीय सचिव डॉ. जेपी अग्रवाल, महिला मंडल अध्यक्ष मिथिला अग्रवाल, अग्रशक्ति सचिव सुषमा अग्रवाल समेत समाज के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।