रफ्तार का कहर : नेशनल हाईवे 30 पर अनियंत्रित होकर पलटी यात्री बस ; शिक्षिका की दर्दनाक मौत,15 घायल..

रायपुर। नेशनल हाईवे 30 पर एक बड़ा और भीषण सड़क हादसा सामने आया है। रायपुर से कोंटा जा रही रॉयल ट्रेवल्स की यात्री बस बालेंगा कोसा सेंटर के पास अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में बस में सवार एक महिला शिक्षिका की मौके पर ही मौत हो गई जबकि लगभग 15 अन्य यात्री घायल हो गए हैं। मृतका की पहचान कवर्धा निवासी पद्मनी चंद्रवंशी के रूप में हुई है जो वर्तमान में दोरनापाल में शिक्षिका के पद पर अपनी सेवाएं दे रही थीं।

हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल पर चीख पुकार और अफरा तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा त्वरित राहत और बचाव कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद लहूलुहान और घायल यात्रियों को पलटी हुई बस के अंदर से बाहर निकाला गया। सभी घायलों को तत्काल 108 एंबुलेंस और अन्य स्थानीय वाहनों की मदद से डिमरापाल अस्पताल पहुंचाया गया है जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका सघन उपचार जारी है।

बीच सड़क पर बस के पलटने के कारण हाईवे पर यातायात कुछ समय के लिए बुरी तरह प्रभावित रहा। दुर्घटना के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जेसीबी मशीन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बस को सड़क से किनारे हटाया और मार्ग पर आवागमन को सुचारू रूप से बहाल कराया। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर इस भीषण हादसे के कारणों की सूक्ष्म जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच और परिस्थितियों के अनुसार हादसे की मुख्य वजह बस की तेज रफ्तार बताई जा रही है जिसके कारण चालक अपना नियंत्रण खो बैठा और यह जानलेवा दुर्घटना घटित हो गई।