

बिलासपुर । न्यायधानी बिलासपुर की पुलिसिंग अब और भी स्मार्ट होने जा रही है। आम जनता के लिए आपात स्थिति में ‘लाइफ लाइन’ बन चुकी ‘डायल 112’ सेवा को सशक्त बनाने के लिए कल बिलासपुर पुलिस को संसाधनों से सुसज्जित नए वाहन मिलने जा रहे हैं। राजधानी रायपुर में आयोजित भव्य कार्यक्रम में भारत सरकार के केंद्रीय गृह मंत्री और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री के कर कमलों से ये अत्याधुनिक वाहन पुलिस महकमे को सौंपे जाएंगे।

पूरे प्रदेश की कानून व्यवस्था को मजबूती देने के लिए सभी 33 जिलों को कुल 383 नए डायल 112 वाहन आवंटित किए जा रहे हैं। रायपुर में इन्हें एक साथ हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा। बिलासपुर जिले के लिए यह सौगात प्राप्त करने हेतु 24 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी रायपुर पहुंच रहे हैं, जो पूरी जिम्मेदारी के साथ इन वाहनों को जिले में लेकर आएंगे।
‘डायल 112’ महज एक वाहन नहीं, बल्कि आम जनता के लिए सुरक्षा का एक मजबूत भरोसा है। यह पुलिस की तत्परता और जनता की सेवा के प्रति उनके समर्पण का प्रतीक है। इन रिस्पांस व्हीकल्स में तैनात अधिकारी-कर्मचारी कठिन परिस्थितियों में भी जिस कर्तव्यबोध के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं, वह सराहनीय है। नए वाहनों के शामिल होने से इस सेवा की गति और कार्यक्षमता में भारी इजाफा होगा, जिससे पीड़ितों तक मदद और भी जल्दी पहुंच सकेगी।
इस महत्वपूर्ण सौगात के लिए जिला पुलिस बिलासपुर ने राज्य शासन और पुलिस मुख्यालय का विशेष धन्यवाद ज्ञापित किया है। बिलासपुर पुलिस ने आम जनता को आश्वस्त करते हुए विश्वास दिलाया है कि उनकी मदद और सुरक्षा में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। नए वाहनों के बेड़े में शामिल होने के बाद पुलिस कर्मचारी 24/7 अपने कर्तव्यबोध के साथ पूरी मुस्तैदी से काम करेंगे। न्यायधानी की जनता को सुरक्षित माहौल देना ही सर्वोच्च प्राथमिकता है।



