खुशियों के बीच अचानक आ गई मौत ! ‘चौथिया’ मनाकर लौट रहे सोनी परिवार की कार हाइवा में जा घुसी, मां-जवान बेटे और मासूम की दर्दनाक मौत..

कोरबा। कहते हैं ना कि वक्त कब क्या करवट ले ले, कोई नहीं जानता। कुछ घंटे पहले जिस परिवार में शादी-ब्याह की खुशियां मनाई जा रही थीं, हंसी-ठिठोली गूंज रही थी, वहां अब सिर्फ मातम और दिल चीर देने वाली चीख-पुकार है। सोमवार की देर रात कोरबा में एक ऐसा खौफनाक सड़क हादसा हुआ, जिसने एक हंसते-खेलते परिवार को चंद सेकंड में तबाह कर दिया। चांपा से ‘चौथिया’ कार्यक्रम अटेंड कर लौट रहे सोनी परिवार की तेज रफ्तार कार पहले डिवाइडर से टकराई और फिर सड़क किनारे खड़े भारी-भरकम हाइवा में जा घुसी। इस रोंगटे खड़े कर देने वाले हादसे में परिवार की तीन पीढ़ियों की मौके पर ही सांसें उखड़ गईं।

रात 2 बजे निगल गई मौत..

यह दिल दहला देने वाली घटना उरगा थाना क्षेत्र के फरसवनी टोल नाका के पास सोमवार देर रात करीब 2 बजे की है। रात का सन्नाटा था और खुशियों में डूबा परिवार कार से कोरबा की तरफ लौट रहा था। तभी अचानक कार बेकाबू हो गई। रफ्तार इतनी तेज थी कि बेकाबू कार सबसे पहले सड़क के बीच बने डिवाइडर से जोरदार तरीके से टकराई, हवा में उछलकर पलटी और फिर सीधे सड़क किनारे खड़े एक विशालकाय हाइवा ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और वह एक लोहे के पिचक चुके डिब्बे में तब्दील हो गई।

मौके पर बिछ गईं तीन लाशें, ढाई साल के मासूम ने भी तोड़ा दम..

गाड़ी के अंदर का नजारा रूह कंपा देने वाला था। इस खौफनाक भिड़ंत में मोंगरा सोनी, उनके 22 साल के जवान बेटे देवेंद्र सोनी और महज ढाई साल के मासूम प्रियांश की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जो आंखें कुछ देर पहले नई दुल्हन और परिवार की खुशियां देख रही थीं, वो पलक झपकते ही हमेशा के लिए बंद हो गईं। मां, जवान बेटे और घर के आंगन में खेलने वाले मासूम का यूं एक साथ चले जाना पूरे इलाके को रुला गया है।

खून से लथपथ घायलों को निकाला गया बाहर..

रात के अंधेरे में एक्सीडेंट की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग सिहर उठे। फौरन उरगा थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर भारी मशक्कत के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। हादसे में गंभीर रूप से घायल बाकी सदस्यों को आनन-फानन में चांपा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की टीम उनकी जान बचाने में जुटी हुई है।

इस पूरे दर्दनाक मामले पर जांच अधिकारी नवीन पटेल ने बताया कि शुरुआती तफ्तीश में हादसे की सबसे बड़ी वजह ओवरस्पीडिंग (तेज रफ्तार) और वाहन से नियंत्रण खोना लग रहा है। पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है कि कहीं ड्राइवर को झपकी तो नहीं आ गई थी।