बदहाल सड़कों को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शनात्मक रुख..अंकित गौरहा ने कलेक्टर और निगम आयुक्त को सौंपा ज्ञापन, 15 दिन में सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी.. देखें वीडियो..

बिलासपुर/बेलतरा।शहर और ग्रामीण क्षेत्र की जर्जर सड़कों को लेकर लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है।अशोकनगर-बिरकोना मार्ग एवं सीपत चौक से राजकिशोर नगर जाने वाले मुख्य मार्ग की खराब हालत को लेकर कांग्रेस नेता अंकित गौरहा ने कलेक्टर और नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर तत्काल मरम्मत और सुधार कार्य शुरू करने की मांग की है। ज्ञापन में सड़क की खराब स्थिति, उड़ती धूल, बारिश में कीचड़, सड़क हादसों का बढ़ता खतरा तथा निर्माण कार्यों में अनियमितताओं जैसे गंभीर मुद्दे उठाए गए हैं।

अंकित गौरहा ने कहा कि अशोकनगर-बिरकोना मार्ग लंबे समय से बदहाल स्थिति में है। सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे बन चुके हैं, जिससे रोजाना लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। गर्मी के दिनों में सड़क से उड़ने वाली धूल आसपास रहने वाले लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गई है। धूल के कारण लोगों को सांस और एलर्जी जैसी स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। वहीं बारिश के दौरान सड़क पर कीचड़ और जलभराव की स्थिति बनने से हालात और अधिक खराब हो जाते हैं।

उन्होंने कहा कि सड़क की खराब हालत के कारण दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है। खासकर रात के समय वाहन चालकों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। कई बार दोपहिया वाहन चालक गड्ढों में गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं।

ज्ञापन में क्षेत्र में चल रहे नाली निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए गए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और तकनीकी मानकों की अनदेखी की जा रही है। घटिया निर्माण सामग्री के उपयोग और लापरवाहीपूर्ण कार्यशैली को लेकर लोगों में नाराजगी है। मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।

देखें वीडियो..

इसके अलावा सीपत चौक से राजकिशोर नगर मुख्य मार्ग पर सड़क खुदाई के बाद पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं किए जाने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। बताया गया कि सड़क खोदने के बाद न तो उचित बैरिकेडिंग की गई और न ही चेतावनी संकेत लगाए गए, जिसके कारण हाल के दिनों में कई सड़क हादसे हो चुके हैं। कई घटनाएं सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हुई हैं, जिनमें साफ दिखाई देता है कि संबंधित विभागों की लापरवाही लोगों की जान पर भारी पड़ रही है।

स्थानीय निवासी अमित फडणवीस ने बताया कि लगातार हो रही दुर्घटनाओं को देखते हुए उन्होंने स्वयं वहां रेडियम और बांस लगाकर गड्ढे को चारों तरफ से घेरने की व्यवस्था की, जिससे कुछ हद तक हादसों में कमी आई। बावजूद इसके प्रशासन और संबंधित विभाग अब तक गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं।

अंकित गौरहा ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क मरम्मत, धूल नियंत्रण, सुरक्षित बैरिकेडिंग और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए तत्काल ठोस कदम उठाए जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 15 दिनों के भीतर सुधार कार्य शुरू नहीं हुआ तो क्षेत्र की जनता के साथ आंदोलन किया जाएगा।