जीपीएम पुलिस ने खोली ठगी के नए तरीके की पोल, नकली नोट को असली बनाने और कम समय में पैसा दोगुना करने के झांसे से बचने की अपील..

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। अगर कोई व्यक्ति आपको यह कहे कि विशेष केमिकल से काले कागज को असली भारतीय नोट में बदला जा सकता है और इसके लिए कुछ हजार रुपये देने होंगे, तो सावधान हो जाइए। यह किसी चमत्कार का नहीं, बल्कि ठगी के नए तरीके का हिस्सा हो सकता है। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही पुलिस ने ऐसे ही एक मामले का खुलासा करते हुए आम लोगों को सतर्क किया है।
पुलिस के अनुसार, ठगों ने स्वयं को ‘केमिकल एक्सपर्ट’ बताकर एक व्यक्ति को काले कागज को विशेष केमिकल से उपचारित कर असली भारतीय मुद्रा में बदलने का झांसा दिया। इसके बदले उससे 50 हजार रुपये लेने का प्रयास किया गया। समय रहते मामला सामने आने के बाद जीपीएम पुलिस ने लोगों को इस तरह के लालच से बचने की सलाह दी है।
पहले दिखाते हैं भरोसा, फिर मांगते हैं पैसे..
पुलिस के मुताबिक, थाना नवागढ़, जिला जांजगीर-चांपा निवासी साहिल कुमार से एक अज्ञात व्यक्ति ने संपर्क किया। आरोपी ने खुद को केमिकल एक्सपर्ट बताया और दावा किया कि उसके पास ऐसी विशेष तकनीक और केमिकल है, जिसके जरिए काले कागज को असली भारतीय नोट में बदला जा सकता है।

इस दावे के बाद आरोपी ने इस कथित प्रक्रिया के लिए साहिल कुमार से 50 हजार रुपये लेने का प्रयास किया। मामले की शिकायत मिलने पर थाना नवागढ़ में अपराध क्रमांक 246/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने धारा 318(2) एवं 61(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
‘केमिकल’, ‘मशीन’ और ‘प्रोसेसिंग’ के नाम पर ठगी..
पुलिस का कहना है कि ठगी करने वाले लोग अलग-अलग तरीकों से लोगों को अपने जाल में फंसाने की कोशिश करते हैं। कभी कम समय में बड़ी रकम कमाने का लालच दिया जाता है, तो कभी नकली नोट को असली बनाने, काले कागज से नोट तैयार करने अथवा किसी विशेष केमिकल से मुद्रा तैयार करने का दावा किया जाता है।
देखें वीडियो..
ऐसे मामलों में ठग शुरुआत में अपनी बात को सही साबित करने के लिए तरह-तरह के दावे करते हैं। इसके बाद केमिकल, मशीन, प्रोसेसिंग, जांच या अन्य खर्च के नाम पर रकम मांगना शुरू कर देते हैं। कई बार पीड़ित को यह विश्वास दिलाया जाता है कि पैसे देने के बाद उसे कई गुना रकम वापस मिलेगी।
पुलिस ने कहा – चमत्कार के लालच में न गवाएं मेहनत की कमाई..
जीपीएम पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि कोई भी व्यक्ति यदि काले कागज को केमिकल या किसी मशीन की मदद से असली नोट में बदलने का दावा करता है तो उस पर भरोसा न करें। ऐसे दावों के पीछे ठगी की आशंका हो सकती है।
पुलिस ने लोगों से कहा है कि कम समय में अधिक पैसा कमाने के लालच में किसी अनजान व्यक्ति को अपनी रकम न दें। साथ ही किसी संदिग्ध व्यक्ति के साथ बैंक खाते से जुड़ी जानकारी, ओटीपी, पिन, एटीएम या डेबिट कार्ड की जानकारी अथवा अन्य वित्तीय विवरण साझा न करें।
संदेह हो तो तुरंत पुलिस को दें सूचना..
पुलिस ने लोगों से कहा है कि इस तरह का कोई प्रस्ताव मिलने पर स्वयं जांच-पड़ताल करने के बजाय तत्काल नजदीकी पुलिस थाने या संबंधित पुलिस अधिकारी को जानकारी दें। यदि कोई व्यक्ति ठगी का शिकार हो जाता है तो बिना देरी किए पुलिस को सूचना देना जरूरी है, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
जीपीएम पुलिस ने लोगों को संदेश देते हुए कहा कि लालच से बचें, जागरूक रहें और ठगी करने वालों के झांसे में न आएं।
पुलिस के मुताबिक, ठगी के नए-नए तरीके लगातार सामने आ रहे हैं। ऐसे में जागरूकता ही सबसे बड़ा बचाव है। किसी भी असामान्य और अविश्वसनीय तरीके से पैसा कमाने के प्रस्ताव पर भरोसा करने से पहले उसकी सत्यता की जांच करना जरूरी है। सतर्क नागरिक ही सुरक्षित समाज की पहचान हैं।







