

पेंड्रा, जीपीएम। जीपीएम जिले के पेंड्रा क्षेत्र स्थित कोटमी बाजार में दिनदहाड़े हुए सराफा व्यापारी हत्याकांड ने पूरे प्रदेश के व्यापारिक जगत को झकझोर कर रख दिया है। सराफा कारोबारी प्रदीप सोनी उर्फ पप्पू की गोली मारकर हत्या और लाखों रुपए के जेवरात लूट की घटना के बाद व्यापारियों में भारी आक्रोश व्याप्त है। घटना के विरोध में व्यापारिक संगठनों ने कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और व्यापारियों को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग तेज कर दी है।


घटना की सूचना मिलते ही सराफा एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी आईजी के साथ घटनास्थल पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस अधिकारियों से चर्चा की तथा घटना को बेहद दुखद और चिंताजनक बताया।
प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने कहा कि खुले बाजार में इस प्रकार की जघन्य वारदात होना प्रदेश की कानून व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है। उन्होंने कहा कि यदि व्यापारी ही सुरक्षित नहीं रहेंगे तो व्यापारिक वातावरण प्रभावित होगा। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि अपराधियों की तत्काल गिरफ्तारी कर उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
इसके बाद कमल सोनी मृतक व्यापारी प्रदीप सोनी उर्फ पप्पू के निवास पहुंचे और शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।उन्होंने परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाते हुए कहा कि पूरा सराफा समाज इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की सुरक्षा सरकार और प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है तथा बाजार क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किया जाना चाहिए।

गौरतलब है कि मंगलवार शाम पेंड्रा-मरवाही मुख्य मार्ग स्थित कोटमी साप्ताहिक बाजार में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाश हथियार लेकर सराफा दुकान पर पहुंचे। बदमाशों ने जेवरों से भरी पेटी लूटने का प्रयास किया। व्यापारी द्वारा विरोध किए जाने पर आरोपियों ने उनकी छाती में गोली मार दी। गोली लगने से प्रदीप सोनी की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी सोने-चांदी के जेवरों से भरी पेटी लेकर फरार हो गए।

दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। घटना के विरोध में व्यापारिक संगठनों और स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। व्यापारियों ने प्रशासन से मांग की है कि बाजार क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाई जाए और व्यापारियों को सुरक्षा प्रदान करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।



