तिरंगा यात्रा और गुरु रविदास जयंती वर्ष की तैयारियों में जुटी भाजपा, कार्यकर्ताओं को मिला बूथ स्तर तक जनसंपर्क बढ़ाने का लक्ष्य..

बिलासपुर संभाग की संगठनात्मक बैठक में अजय जामवाल और पवन साय ने दिया राष्ट्र सेवा, समरसता और संगठन विस्तार का मंत्र, पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का भी दिया संदेश..

बिलासपुर। भारतीय जनता पार्टी ने आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, तिरंगा यात्रा और संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती वर्ष के आयोजनों को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में बिलासपुर संभाग के आकांक्षी विधानसभा पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक स्वर्गीय लखीराम अग्रवाल ऑडिटोरियम में आयोजित की गई। बैठक में आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई और कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक जनसंपर्क बढ़ाने तथा अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का लक्ष्य दिया गया।

बैठक की शुरुआत भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके बाद संगठन के वरिष्ठ नेताओं ने आगामी अभियानों को लेकर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया।

भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल चुनाव लड़ने वाला राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा और समाज सेवा के संकल्प के साथ कार्य करने वाला संगठन है। उन्होंने कहा कि पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं, जिनकी मेहनत और अनुशासन के कारण संगठन लगातार मजबूत हो रहा है।

उन्होंने आगामी तिरंगा यात्रा को राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक बताते हुए कहा कि हर कार्यकर्ता इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास करे। उन्होंने युवाओं, महिलाओं और समाज के सभी वर्गों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए कहा कि यह यात्रा देश के वीर शहीदों के सम्मान और ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना को मजबूत करने का माध्यम बनेगी।

प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर प्रस्तावित कार्यक्रमों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी ने समरसता, समानता, मानवता और सामाजिक सद्भाव का जो संदेश दिया, वह आज भी समाज के लिए अत्यंत प्रासंगिक है। पार्टी उनके विचारों और सामाजिक संदेश को गांव-गांव तथा बूथ स्तर तक पहुंचाने के लिए विशेष अभियान चलाएगी।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक मंडल और बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तय की जा रही हैं, ताकि सभी कार्यक्रम समयबद्ध और प्रभावी ढंग से संपन्न हो सकें। बैठक में आगामी आयोजनों के लिए विभिन्न दायित्वों का निर्धारण भी किया गया और पदाधिकारियों से पूरी सक्रियता के साथ संगठनात्मक कार्यों में जुटने का आह्वान किया गया।

बैठक से पहले ऑडिटोरियम परिसर में क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल और प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

बैठक में भाजपा बिलासपुर संभाग प्रभारी एवं धमतरी महापौर जगदीश रामू रोहरा ने आभार व्यक्त किया, जबकि संचालन संभाग सहप्रभारी अभिषेक शुक्ला ने किया। बैठक में संभाग के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के पदाधिकारी और संगठन के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।