पर्चेस टेस्ट में सौदा तय होते ही स्पा सेंटर पर पुलिस की दबिश, मैनेजर गिरफ्तार..

पीटा एक्ट के तहत संचालक और मैनेजर पर FIR, तीन महिलाएं भी हिरासत में; पुलिस खंगाल रही गतिविधियों से जुड़े अन्य पहलू..

रायपुर। राजधानी रायपुर के पंडरी स्थित श्याम स्क्वायर में संचालित ईसावा स्पा सेंटर में पुलिस ने पर्चेस टेस्ट के बाद दबिश देकर बड़ी कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक, स्पा सेंटर में अवैध गतिविधियों की शिकायत मिलने के बाद पहले पाइंटर भेजकर पूरे मामले की पुष्टि की गई। पाइंटर के जरिए सौदा तय होने के बाद स्पा में मौजूद लोगों ने एडवांस रकम भी ले ली। इसके बाद पाइंट क्लियर होते ही महिला डीएसपी के नेतृत्व में गठित स्पेशल टीम ने स्पा सेंटर में दबिश दी।

पुलिस की टीम ने श्याम स्क्वायर की तीसरी मंजिल पर संचालित स्पा सेंटर से मैनेजर और तीन महिलाओं को हिरासत में लिया। प्रारंभिक पूछताछ के बाद पुलिस ने स्पा के संचालन और वहां की गतिविधियों से जुड़े लोगों की जानकारी जुटाई।

संचालक और मैनेजर के खिलाफ FIR..

जांच में पुलिस को पता चला कि ईसावा स्पा का संचालन हरविंदर सिंह ग्रोवर द्वारा किया जा रहा था। इसके बाद पुलिस ने संचालक हरविंदर सिंह ग्रोवर और मैनेजर मुकेश वर्मा के खिलाफ पीटा एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की। मामले में मैनेजर मुकेश वर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, मुकेश वर्मा भिलाई-03 के पचपेड़ी क्षेत्र का निवासी है।

तीन महिलाओं से भी पूछताछ..

दबिश के दौरान हिरासत में ली गई तीन महिलाओं से भी पुलिस पूछताछ कर रही है। इनमें एक महिला पश्चिम बंगाल की रहने वाली बताई गई है, जबकि दो महिलाएं रायपुर के भाठागांव और खम्हारडीह क्षेत्र की निवासी हैं। पुलिस इनसे स्पा सेंटर में उनके आने, काम करने और वहां की गतिविधियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

शिकायत के बाद पुलिस ने तैयार किया प्लान..

पुलिस के मुताबिक, स्पा सेंटर को लेकर मिली शिकायत के बाद सीधे कार्रवाई करने के बजाय पहले पर्चेस टेस्ट के जरिए शिकायत की पुष्टि की गई। पाइंटर के माध्यम से सौदा तय कराया गया और एडवांस रकम लिए जाने के बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई की। पुलिस की इस कार्रवाई से स्पा सेंटरों में चल रही संदिग्ध गतिविधियों को लेकर भी सवाल उठे हैं।

फिलहाल देवेंद्रनगर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस स्पा सेंटर के संचालन, वहां आने-जाने वाले लोगों और अन्य संभावित गतिविधियों से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही है। मामले में आगे और कार्रवाई होने की संभावना है।