सहकारिता मंत्रालय के पाँच वर्ष पूर्ण होने पर सहकारिता सप्ताह की घोषणा, किसानों, ग्रामीणों और सहकारी संस्थाओं को जोड़ने पर रहेगा विशेष फोकस..

बिलासपुर। भारत सरकार के सहकारिता मंत्रालय की स्थापना के पाँच वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर बिलासपुर जिले में 29 जून से 6 जुलाई तक भव्य रूप से सहकारिता सप्ताह मनाया जाएगा। इस दौरान जिलेभर में सहकारिता जागरूकता, सदस्यता विस्तार, कृषि नवाचार, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं और ग्रामीण आर्थिक विकास से जुड़े विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। शनिवार को जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित, बिलासपुर परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में इसकी विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष रजनीश कुमार सिंह ने कहा कि सहकारिता सप्ताह केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि देश के ग्रामीण और कृषि आधारित अर्थतंत्र को मजबूत बनाने के राष्ट्रीय संकल्प का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पहली बार देश में अलग सहकारिता मंत्रालय का गठन किया गया, जिसने सहकारी आंदोलन को नई दिशा, नई पहचान और नई ऊर्जा प्रदान की है।
उन्होंने कहा कि आज सहकारिता केवल ऋण वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि किसानों की आय बढ़ाने, ग्रामीण रोजगार सृजन, डिजिटल सेवाओं के विस्तार, महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुकी है। आधुनिक तकनीक, पारदर्शिता और डिजिटलीकरण के जरिए सहकारी संस्थाओं को अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है।

रजनीश कुमार सिंह ने कहा कि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में प्राथमिक कृषि साख समितियों (पैक्स) को बहुउद्देशीय संस्थाओं के रूप में विकसित करने का कार्य किया जा रहा है। सदस्यता विस्तार, डिजिटल बैंकिंग सेवाएं, किसानों को बेहतर सुविधाएं तथा ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं लागू की गई हैं। इन प्रयासों का सकारात्मक प्रभाव देशभर के सहकारी क्षेत्र में दिखाई दे रहा है।
प्रेस वार्ता में उपस्थित छत्तीसगढ़ लघु वनोपज निगम के उपाध्यक्ष यज्ञदत्त शर्मा ने कहा कि सहकारिता सप्ताह का उद्देश्य आम लोगों को सहकारी संस्थाओं से जोड़ना, सहकारिता की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाना तथा समाज में सहभागिता की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि इस दौरान सदस्यता अभियान, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य जागरूकता, कृषि नवाचार और युवाओं की भागीदारी को विशेष महत्व दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि सप्ताहभर चलने वाले कार्यक्रमों में किसानों, सहकारी समितियों के सदस्यों, युवाओं, महिलाओं और आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। कार्यक्रमों के माध्यम से सहकारिता क्षेत्र की उपलब्धियों को सामने लाने के साथ-साथ ग्रामीण विकास की नई संभावनाओं पर भी चर्चा होगी।
सप्ताहभर होंगे विविध कार्यक्रम..बाइट – रजनीश कुमार सिंह अध्यक्ष जिला सहकारी केंद्रीय बैंक बिलासपुर छ.ग.
सहकारिता सप्ताह के अंतर्गत 29 जून को प्राथमिक कृषि साख समितियों में सहकारी ध्वजारोहण, सदस्यता अभियान तथा दुग्ध एवं मत्स्य सहकारी समितियों के माध्यम से आय वृद्धि पर परिचर्चा आयोजित की जाएगी।
30 जून को जिला सहकारी विकास समिति की बैठक आयोजित कर सहकारी संस्थाओं की भूमिका एवं भविष्य की योजनाओं पर विचार-विमर्श होगा।
1 जुलाई को किसानों के लिए ड्रोन तकनीक से तरल उर्वरक छिड़काव का प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही कृषक संगोष्ठी और मृदा स्वास्थ्य पर विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन दिया जाएगा।
2 जुलाई को मॉडल साख समितियों का भ्रमण कराया जाएगा तथा ग्रामीणों को माइक्रो एटीएम और रुपे कार्ड जैसी डिजिटल सुविधाओं से जोड़ने के प्रयास किए जाएंगे।
3 जुलाई को वृक्षारोपण एवं स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ ही सहकारी समाचार पत्रों के प्रचार-प्रसार और सहकार संकल्प दौड़ का आयोजन किया जाएगा।
4 जुलाई को जनऔषधि केंद्रों में स्वास्थ्य शिविर आयोजित होंगे, वहीं विद्यार्थियों के लिए सहकारिता विषय पर निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिताएं भी कराई जाएंगी।
5 जुलाई को राज्य के आकांक्षी जिलों में विशेष सदस्यता अभियान चलाकर अधिक से अधिक लोगों को सहकारी संस्थाओं से जोड़ा जाएगा।
6 जुलाई को आईएफसी के लिए चिन्हित पैक्स गोदामों का भूमिपूजन कर आधारभूत संरचना विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया जाएगा।
ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती देने का प्रयास..
प्रेस वार्ता में वक्ताओं ने कहा कि सहकारिता आंदोलन गांव, किसान और गरीब की आर्थिक उन्नति का सशक्त माध्यम है। केंद्र और राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि सहकारी संस्थाएं केवल वित्तीय सेवाओं तक सीमित न रहें, बल्कि कृषि, विपणन, भंडारण, प्रसंस्करण और रोजगार सृजन के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम में जिला सहकारी बैंक की उपाध्यक्ष रजनी साहू, भाजपा ग्रामीण जिलाध्यक्ष मोहित जायसवाल, भाजपा शहर जिलाध्यक्ष दीपक सिंह, मीडिया संयोजक प्रणव शर्मा समदरिया, जिला सहकारी बैंक के सीईओ प्रभात मिश्रा, शैलू गोरख, यश देवांगन सहित बैंक एवं सहकारिता विभाग के अनेक अधिकारी और पदाधिकारी उपस्थित रहे।
सहकारिता सप्ताह के माध्यम से जिले में सहकारिता आंदोलन को नई गति देने और सहकार से समृद्धि के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।







