भारतीय नगर मुक्तिधाम में होगा वृक्षारोपण और जीर्णोद्धार कार्यों का अवलोकन..अग्रवाल समाज ने शहरवासियों और प्रबुद्धजनों से सहभागिता की अपील..

बिलासपुर। पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सरोकारों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अग्रवाल सेवा समिति एवं अग्रवाल समाज बिलासपुर द्वारा रविवार 14 जून को भारतीय नगर मुक्तिधाम में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान मुक्तिधाम में किए जा रहे जीर्णोद्धार कार्यों का अवलोकन किया जाएगा तथा व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान भी चलाया जाएगा।

देखें वीडियो..

समिति पदाधिकारियों ने बताया कि मुक्तिधाम केवल अंतिम संस्कार का स्थल नहीं, बल्कि समाज की आस्था, संवेदना और सामाजिक जिम्मेदारी का प्रतीक है। इसी सोच के साथ भारतीय नगर मुक्तिधाम में लगातार सुविधाओं के विस्तार और सौंदर्यीकरण के लिए विभिन्न कार्य किए जा रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान समाज के लोगों को इन विकास कार्यों की जानकारी भी दी जाएगी।

पर्यावरण संरक्षण का दिया जाएगा संदेश..

आयोजन का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना है। बढ़ते प्रदूषण और लगातार घटते हरित क्षेत्र को देखते हुए वृक्षारोपण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन गया है। समिति का मानना है कि प्रत्येक व्यक्ति यदि अपने जीवन में एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प ले, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराया जा सकता है।

समाज के सभी वर्गों से जुड़ने की अपील..

अग्रवाल सेवा समिति ने समाज के स्वजनों, प्रबुद्ध नागरिकों, युवाओं, महिलाओं एवं पर्यावरण प्रेमियों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। समिति का कहना है कि जनसहभागिता से ही ऐसे सामाजिक और पर्यावरणीय अभियान सफल होते हैं। लोगों की उपस्थिति और सहयोग से सेवा कार्यों को नई ऊर्जा और गति मिलेगी।

‘साथी हाथ बढ़ाना’ का दिया संदेश..

समिति ने नागरिकों से आह्वान करते हुए कहा है कि समाज और प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए कुछ समय निकालकर इस अभियान का हिस्सा बनें। वृक्षारोपण के माध्यम से पर्यावरण संतुलन बनाए रखने और मुक्तिधाम के विकास कार्यों में सहभागिता निभाने का यह एक सार्थक अवसर है।

अग्रवाल समाज बिलासपुर एवं अग्रवाल सेवा समिति ने सभी नागरिकों से रविवार को आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित होकर पौधारोपण करने तथा पर्यावरण संरक्षण के इस जनअभियान को सफल बनाने का आग्रह किया है।