जिला अस्पताल में रक्तदान शिविर से लेकर बूथ स्तर पर संपर्क और शाम को दीपोत्सव तक होंगे कार्यक्रम..

बिलासपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर बिलासपुर शहर भाजपा 17 सितंबर को विभिन्न सेवा और जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित करेगी। भाजपा ने इसे सेवा, समर्पण और जनसेवा की भावना के साथ मनाने की तैयारी की है। दिनभर अलग-अलग कार्यक्रमों के जरिए कार्यकर्ता समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचने का प्रयास करेंगे।
भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह ने बताया कि जन्मदिन के अवसर पर भाजपा युवा मोर्चा की ओर से सुबह 9 बजे जिला अस्पताल, पुराना बस स्टैंड परिसर में विशाल रक्तदान शिविर लगाया जाएगा। इसमें पार्टी के युवा कार्यकर्ता और अन्य कार्यकर्ता रक्तदान करेंगे। इसके साथ ही भाजपा कार्यकर्ता शहर के विभिन्न बूथों में हितग्राहियों के घर पहुंचकर प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर उनके नाम से आशीर्वाद का दीपक जलाने का आग्रह करेंगे।
शाम को भाजपा कार्यालय में दीपोत्सव..
दिनभर सेवा गतिविधियों के बाद शाम को करबला स्थित भाजपा कार्यालय में दीपोत्सव का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह ने पार्टी के सभी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, मोर्चा-प्रकोष्ठों और कार्यकर्ताओं से 17 सितंबर की शाम 7 बजे अपने-अपने घर पर एक दीपक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से जलाने की अपील की है।
सेवा कार्यों के जरिए जनता तक पहुंचने का प्रयास..
भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि संगठन की ओर से जन्मदिन के अवसर पर सेवा गतिविधियों के माध्यम से समाज के अलग-अलग वर्गों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सार्वजनिक जीवन में सेवा और राष्ट्रहित को प्राथमिकता देने की भावना को आगे बढ़ाया है। उनके जन्मदिन को सेवा कार्यों के माध्यम से मनाना कार्यकर्ताओं के लिए जनसेवा के संकल्प को मजबूत करने का अवसर है।
भाजपा की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार रक्तदान शिविर, बूथ स्तर पर हितग्राहियों से संपर्क और दीपोत्सव 17 सितंबर के प्रमुख कार्यक्रम होंगे। पार्टी ने कार्यकर्ताओं से इन गतिविधियों में भागीदारी करने का आह्वान किया है।







