महामाया चौक में आधी रात राहगीर से लूट, रतनपुर पुलिस ने चंद घंटों में 5 आरोपियों को पकड़ा..

03 नाबालिग समेत 5 आरोपी गिरफ्तार, डंडा दिखाकर 1200 रुपये लूटने का आरोप; वारदात में इस्तेमाल ऑटो और 1000 रुपये नकद बरामद..

बिलासपुर/रतनपुर। रतनपुर के महामाया चौक में आधी रात राहगीर को रोककर डंडे के दम पर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों तक पुलिस कुछ ही घंटों में पहुंच गई। रतनपुर पुलिस ने मामले में दो वयस्क आरोपियों के साथ तीन विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की रकम में से 1000 रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल ऑटो जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम कर्रा निवासी युवराज सिंह प्रधान 17 अगस्त की रात इलाज कराने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रतनपुर आया था। इलाज के बाद वह वापस अपने घर लौट रहा था। रात करीब 12 बजे जब वह महामाया चौक स्थित कृष्णा ट्रेडर्स के पास पहुंचा, तभी एक ऑटो में सवार कुछ युवक वहां पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने युवराज को रोक लिया और उसके साथ गाली-गलौज करते हुए पैसों की मांग करने लगे।

युवराज ने जब अपने पास पैसे नहीं होने की बात कही तो आरोपियों ने हाथ में रखे डंडे का भय दिखाते हुए उसे जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपियों ने उसकी पैंट से करीब 1200 रुपये निकाल लिए और मौके से ऑटो में सवार होकर फरार हो गए।

रात में ही शुरू हुई आरोपियों की तलाश..

घटना की सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय ने वरिष्ठ अधिकारियों को घटना की जानकारी दी। अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने रात में ही संदिग्धों और घटना में इस्तेमाल ऑटो की पतासाजी शुरू कर दी।

प्रार्थी द्वारा बताए गए हुलिए और ऑटो के नंबर के आधार पर पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिला। जांच के दौरान ऑटो सवार युवकों के ईमलीभाठा, सरकंडा क्षेत्र से जुड़े होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद पुलिस टीम ने संभावित आरोपियों के ठिकानों पर घेराबंदी की।

घरों में घेराबंदी कर दबोचे आरोपी..

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ईमलीभाठा सरकंडा निवासी राहुल दुबे (25) और पवन कुमार गौहर (19) सहित तीन विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस के समक्ष लूट की घटना में शामिल होना स्वीकार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से 1000 रुपये नकद बरामद किए। साथ ही वारदात में प्रयुक्त ऑटो क्रमांक CG 10 CD 7944 को भी जब्त किया गया।

पुलिस ने कार्रवाई के बाद दोनों वयस्क आरोपियों और तीनों विधि से संघर्षरत बालकों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत भेज दिया है।

कुछ घंटों में कार्रवाई से पुलिस की तत्परता सामने आई..

रात के समय सुनसान रास्ते पर राहगीर को रोककर लूट की घटना से इलाके में सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे थे। हालांकि, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने बिना समय गंवाए संदिग्धों की पहचान और ऑटो की तलाश शुरू कर दी। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते घटना के कुछ ही घंटों में सभी पांच आरोपियों तक पहुंच बनाई गई।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय, सहायक उपनिरीक्षक नीलाकर सेठ, आरक्षक आकाश डोंगरे, धीरज कश्यप, देवानंद चन्द्राकर, बसंत मानिकपुरी, हरनारायण नेटी, मोरध्वज चन्द्रा और धनराज कुम्भकार का विशेष योगदान रहा।