शराब दुकान के गार्ड पर फायरिंग, CCTV में हथियार लहराता दिखा आरोपी.. देखें वीडियो..

गेरवानी में रात साढ़े 10 बजे वारदात, पेट में गोली लगने से सुरक्षा गार्ड घायल ; पुलिस ने शुरू की आरोपी की तलाश..

रायगढ़। पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के गेरवानी में सोमवार रात शराब दुकान में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक ने सुरक्षा गार्ड पर पिस्टलनुमा हथियार से फायरिंग कर दी। गोली 43 वर्षीय सुरक्षा गार्ड चंद्रशेखर पटेल के पेट में लगी, जिससे वह घायल हो गया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना का CCTV फुटेज सामने आने के बाद पुलिस आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार कलगामुड़ा, उर्दना निवासी चंद्रशेखर पटेल गेरवानी स्थित शराब दुकान में सुरक्षा गार्ड के रूप में ड्यूटी कर रहा था। सोमवार रात करीब साढ़े 10 बजे एक युवक शराब दुकान के पास पहुंचा। बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर युवक का गार्ड से विवाद हो गया और वह गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा।

विवाद बढ़ने के बाद युवक ने अचानक पिस्टलनुमा हथियार निकाल लिया और गार्ड की ओर फायर कर दिया। गोली चंद्रशेखर के पेट में जा लगी। गोली लगने के बाद भी गार्ड ने हिम्मत नहीं हारी और खुद को बचाने के लिए दुकान के पीछे स्थित आहाता की ओर चला गया। वहां छिपकर उसने अपने साथियों को घटना की जानकारी दी और डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी।

CCTV में कैद हुई पूरी गतिविधि.. देखें वीडियो..

घटना की सूचना मिलते ही पूंजीपथरा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शराब दुकान में लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली। फुटेज में संदिग्ध युवक हाथ में पिस्टलनुमा हथियार लिए दिखाई दे रहा है। उसके दूसरे हाथ में मोबाइल भी नजर आ रहा है। CCTV फुटेज को पुलिस ने जांच का अहम आधार बनाया है।

पुलिस अब आरोपी के आने-जाने के रास्ते और उसकी पहचान का पता लगाने के लिए आसपास लगे अन्य CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। इससे यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आरोपी वारदात के बाद किस दिशा में गया और क्या वह किसी वाहन से मौके से फरार हुआ।

आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस..

फायरिंग की इस घटना के बाद गेरवानी क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। शराब दुकान जैसी जगह पर रात के समय हथियार लेकर पहुंचकर फायरिंग किए जाने से इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी की पतासाजी कर रही है।

पूंजीपथरा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(3) और 109(1) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर पतासाजी की जा रही है।

फिलहाल घायल सुरक्षा गार्ड की स्थिति और उपचार से जुड़ी विस्तृत जानकारी पुलिस जांच के बाद सामने आने की उम्मीद है। घटना के पीछे वास्तविक विवाद क्या था और आरोपी के पास हथियार कहां से आया, इन बिंदुओं पर भी पुलिस जांच कर रही है।