

बिलासपुर। चकरभाठा थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए रायपुर रोड स्थित बालाजी ढाबा में अवैध रूप से शराब पिलाए जाने के मामले का पर्दाफाश किया। पुलिस ने नेता एवं पूर्व पार्षद अशोक जोतवानी के ढाबे पर छापा मारकर शराब सेवन कर रहे लोगों को रंगे हाथ पकड़ा। इस कार्रवाई में ढाबा संचालक सहित कुल छह लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बालाजी ढाबा में लंबे समय से बिना वैधानिक अनुमति के ग्राहकों को बैठाकर शराब पिलाए जाने की शिकायतें मिल रही थीं। स्थानीय स्तर पर कई बार इस संबंध में चर्चा होने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई थी। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद चकरभाठा पुलिस ने शुक्रवार रात योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी।
देखें वीडियो..
छापेमारी के दौरान ढाबे के भीतर कई लोग शराब का सेवन करते पाए गए। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर मौजूद लोगों को हिरासत में लिया और ढाबा संचालक अशोक जोतवानी को भी थाने लाकर पूछताछ की। बाद में नियमानुसार आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
रसूख नहीं आया काम, दबाव के बावजूद कार्रवाई..
सूत्रों के अनुसार कार्रवाई के दौरान मामले को रुकवाने और प्रभाव कम करने के लिए कुछ प्रभावशाली लोगों के माध्यम से पुलिस पर दबाव बनाने की कोशिश की गई। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने किसी भी प्रकार के दबाव को नजरअंदाज करते हुए कानून के अनुसार कार्रवाई जारी रखी। पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में निष्पक्ष और सख्त कानून व्यवस्था के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
रायपुर रोड के ढाबों पर उठ रहे सवाल..
रायपुर रोड क्षेत्र में संचालित कई ढाबों और रेस्टोरेंटों में अवैध रूप से शराब परोसने और शराबखोरी कराए जाने की शिकायतें लंबे समय से सामने आती रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि देर रात तक कई प्रतिष्ठानों में खुलेआम शराब परोसी जाती है, जिससे आसपास का माहौल भी प्रभावित होता है।
बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले आबकारी विभाग की उड़नदस्ता टीम ने भी रायपुर रोड के एक ढाबे और एक चर्चित रेस्टोरेंट में कार्रवाई कर शराब सेवन करते लोगों को पकड़ा था। हालांकि उस कार्रवाई को सार्वजनिक नहीं किए जाने से पारदर्शिता को लेकर सवाल खड़े हुए थे। ऐसे में चकरभाठा पुलिस की ताजा कार्रवाई ने अवैध शराब कारोबार पर फिर से बहस छेड़ दी है।
क्षेत्र में बढ़ सकती है जांच और निगरानी..
पुलिस सूत्रों का कहना है कि अवैध रूप से शराब परोसने वाले अन्य प्रतिष्ठानों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। आने वाले दिनों में रायपुर रोड सहित अन्य क्षेत्रों के ढाबों, होटलों और रेस्टोरेंटों की जांच अभियान चलाकर की जा सकती है। प्रशासन का मानना है कि बिना अनुमति शराब परोसना कानूनन अपराध है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इन लोगों पर हुई कार्रवाई..
अशोक जोतवानी (51), चकरभाठा कैंप
हर्ष श्रीवास (25), उसलापुर
अभिषेक कुमार सिंह (23), यदुनंदन नगर तिफरा
राजीव दुबे (29), बोदरी
मयंक सिंह (27), यदुनंदन नगर
बिट्टू कौशिक (28), बोदरी
सभी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 36(च) के तहत कार्रवाई की गई है।



