

10 एकड़ में विकसित होगा भव्य कॉम्प्लेक्स, हजारों लोगों को मिलेगा रोजगार..

रायपुर। छत्तीसगढ़ के सराफा व्यापार के लिए एक बड़ी और ऐतिहासिक पहल के तहत राज्य सरकार ने रायपुर के पंडरी स्थित कृषि उपज मंडी परिसर में 10 एकड़ भूमि पर अत्याधुनिक जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क विकसित करने की मंजूरी दे दी है। इस परियोजना को प्रदेश के सराफा व्यवसाय, आभूषण निर्माण उद्योग और स्थानीय कारीगरों के लिए मील का पत्थर माना जा रहा है।
छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि वर्षों से सराफा व्यापारियों द्वारा की जा रही मांग अब साकार होने जा रही है। उन्होंने इसे प्रदेश के सराफा समाज की बड़ी उपलब्धि बताते हुए राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।
एक ही परिसर में मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं..
प्रस्तावित जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क को केवल व्यापारिक परिसर नहीं, बल्कि एक आधुनिक और समग्र व्यावसायिक केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां सोने-चांदी के आभूषणों की मैन्युफैक्चरिंग, थोक व्यापार, कटिंग एवं पॉलिशिंग, रिफाइनिंग और अन्य आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
इसके साथ ही एक बहुमंजिला कमर्शियल कॉम्प्लेक्स का निर्माण किया जाएगा, जहां सराफा व्यवसाय से जुड़े व्यापारी, कारीगर और उद्यमी एक ही स्थान पर अपनी गतिविधियां संचालित कर सकेंगे। इससे व्यापारिक प्रक्रियाएं अधिक व्यवस्थित और सुविधाजनक बनेंगी।
रोजगार और कौशल विकास को मिलेगा बढ़ावा..
इस महत्वाकांक्षी परियोजना से प्रदेश के हजारों स्वर्णकारों, कारीगरों और युवाओं को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलने की संभावना है। पार्क में कौशल विकास और प्रशिक्षण की भी व्यवस्था प्रस्तावित है, जिससे स्थानीय कारीगरों को आधुनिक तकनीकों और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप प्रशिक्षण मिल सकेगा।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस परियोजना के शुरू होने से छत्तीसगढ़ में आभूषण निर्माण उद्योग को नई गति मिलेगी और प्रदेश राष्ट्रीय स्तर पर एक प्रमुख जेम्स एवं ज्वेलरी हब के रूप में अपनी पहचान स्थापित कर सकेगा।
एसोसिएशन का मुख्यालय और सभागृह भी बनेगा..
जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क परिसर में छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन का मुख्य कार्यालय स्थापित किया जाएगा। इसके अलावा एक आधुनिक और विशाल सभागृह (ऑडिटोरियम) का भी निर्माण प्रस्तावित है, जहां व्यापारिक, सामाजिक और प्रशिक्षण संबंधी कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे।
सराफा समाज करेगा महा सम्मेलन..
प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने बताया कि इस ऐतिहासिक निर्णय के स्वागत में आगामी जून माह में सराफा समाज द्वारा एक भव्य ‘महा सम्मेलन’ आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर राज्य सरकार के प्रतिनिधियों, मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों का नागरिक अभिनंदन भी किया जाएगा।
सरकार के प्रति जताया आभार..
सराफा एसोसिएशन ने इस परियोजना को स्वीकृति देने के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव एवं विजय शर्मा, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, सांसद बृजमोहन अग्रवाल तथा सीएसआईडीसी के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल के प्रति आभार व्यक्त किया है।
व्यापारिक संगठनों का मानना है कि जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क के निर्माण से न केवल प्रदेश का सराफा कारोबार नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा, बल्कि निवेश, रोजगार और औद्योगिक विकास के क्षेत्र में भी छत्तीसगढ़ को महत्वपूर्ण लाभ मिलेगा।



