गरबा आयोजनों की मर्यादा और सुरक्षा पर विहिप-बजरंग दल की पहल..

कलेक्टर-एसपी को सौंपा ज्ञापन, महिला पुलिस की तैनाती, सीसीटीवी और नियमों के पालन की मांग..

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। शारदीय नवरात्रि के दौरान आयोजित होने वाले गरबा कार्यक्रमों की सांस्कृतिक गरिमा, शालीनता और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल ने प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है। संगठन के पदाधिकारियों ने कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को संयुक्त ज्ञापन सौंपकर गरबा आयोजनों के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने तथा नियमों का पालन सुनिश्चित कराने की मांग की है।

संगठन का कहना है कि गरबा शक्ति उपासना और पारंपरिक संस्कृति से जुड़ा आयोजन है, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं, युवतियां, युवा और परिवार शामिल होते हैं। ऐसे में आयोजनों का वातावरण सुरक्षित, शालीन और पारिवारिक होना चाहिए। ज्ञापन में कुछ आयोजनों के दौरान आपत्तिजनक गीत-संगीत, अभद्र व्यवहार, नशाखोरी और निर्धारित ड्रेस कोड के विपरीत आचरण की शिकायतों का उल्लेख करते हुए इन पर रोक लगाने की मांग की गई है।

अनुमति और नियमों के पालन पर जोर..

विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने कलेक्टर से मांग की है कि जिले में होने वाले गरबा कार्यक्रमों के लिए अनुमति की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। अनुमति देने से पहले आयोजकों से कार्यक्रम के गीत-संगीत, समय-सीमा, सुरक्षा प्रबंध और शालीनता बनाए रखने के संबंध में लिखित आश्वासन लिया जाए।

ज्ञापन में सांस्कृतिक ड्रेस कोड लागू कराने और निर्धारित नियमों का उल्लंघन होने पर संबंधित आयोजनों की अनुमति निरस्त करने की कार्रवाई करने की मांग भी की गई है। संगठन का कहना है कि स्पष्ट नियम और उनकी निगरानी से कार्यक्रमों की व्यवस्था बेहतर बनाई जा सकती है।

महिला पुलिस की तैनाती और सीसीटीवी की मांग..

पुलिस अधीक्षक को सौंपे गए ज्ञापन में गरबा स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल के साथ महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की मांग की गई है। संगठन ने छेड़छाड़, नशाखोरी और अन्य असामाजिक गतिविधियों पर निगरानी रखने तथा महिलाओं और नाबालिगों की सुरक्षा के लिए प्रवेश व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात कही है।

इसके अलावा थाना स्तर पर गरबा आयोजकों की बैठक लेकर उन्हें सुरक्षा और कानून-व्यवस्था से संबंधित दिशा-निर्देश देने का आग्रह किया गया है। संगठन ने कहा कि समय रहते आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित होने से आयोजनों के दौरान अव्यवस्था की आशंका कम की जा सकती है।

पर्व की गरिमा और सुरक्षित माहौल बनाए रखने की अपील..

संगठन ने स्पष्ट किया कि ज्ञापन सौंपने का उद्देश्य किसी की धार्मिक या व्यक्तिगत भावना को ठेस पहुंचाना नहीं, बल्कि नवरात्रि पर्व की गरिमा बनाए रखना और सभी प्रतिभागियों के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करना है। संगठन ने प्रशासन से मांग की है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध प्रचलित कानून के तहत कार्रवाई की जाए।

ज्ञापन सौंपने के दौरान बजरंग दल के बिलासपुर विभाग संयोजक सागर पटेल, विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री प्रकाश साहू, जिला सह मंत्री निखिल परिहार सहित देवांश तिवारी, शनि पटेल, केशव पांडे, प्रिया त्रिवेदी, विभा तिवारी, रामेश्वरी धुर्वे, अनीता माझी, रुक्मणि तिवारी, कंचन मिश्रा, पुरन यादव, रूपेश साहू एवं अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।