108वें हनुमान चालीसा पाठ के साथ गूंजा शिव मंदिर..विश्व हिंदू परिषद मातृशक्ति ने महाआरती, भजन और विशेष अनुष्ठान के साथ भव्य उद्यापन..

पेंड्रा। विश्व हिंदू परिषद मातृशक्ति एवं दुर्गा वाहिनी के तत्वावधान में स्थानीय शिव मंदिर, पेंड्रा में पिछले 108 सप्ताह से लगातार चल रहा साप्ताहिक हनुमान चालीसा पाठ शनिवार को भक्ति और उत्साह के बीच संपन्न हुआ। इस अवसर पर 108वें पाठ की पूर्णाहुति के उपलक्ष्य में मंदिर परिसर में भव्य उद्यापन कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

कार्यक्रम के दौरान पूरा मंदिर परिसर भक्ति के रंग में रंगा नजर आया। मंदिर को आकर्षक सजावट से सजाया गया था और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। दुर्गा वाहिनी की बहनों एवं उपस्थित श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया। ‘जय श्री राम’ और ‘बजरंग बली की जय’ के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा।

पाठ की पूर्णाहुति के बाद भगवान हनुमान जी और भगवान शिव की विशेष महाआरती की गई। आरती के दौरान शंखध्वनि और घंटों की गूंज से पूरा परिसर दिव्यता और आस्था से भर गया। श्रद्धालुओं ने भगवान को विशेष भोग अर्पित कर सुख-समृद्धि और लोककल्याण की कामना की। कार्यक्रम के अंत में सभी भक्तों एवं नगरवासियों के बीच प्रसाद वितरण किया गया।

विश्व हिंदू परिषद मातृशक्ति की पदाधिकारियों ने बताया कि समाज में धार्मिक संस्कार, एकता और सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से यह साप्ताहिक हनुमान चालीसा पाठ प्रारंभ किया गया था। लगातार 108 सप्ताह तक यह आयोजन सफलतापूर्वक चलना कार्यकर्ताओं की निष्ठा और श्रद्धालुओं के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति के नेतृत्व में यह धार्मिक और सांस्कृतिक अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

इस अवसर पर कथावाचक श्री रामचंद्र महाराज एवं स्वामी कृष्णप्रपन्नाचार्य जी महाराज की विशेष उपस्थिति रही। कार्यक्रम में विश्व हिंदू परिषद जिला अध्यक्ष हर्ष छाबरिया, उपाध्यक्ष सरोज पवार, बाबूलाल पांडे, नत्थू प्रसाद गुप्ता, मातृशक्ति संयोजिका प्रिया त्रिवेदी, सह संयोजिका विभा तिवारी, मीनू पांडे, रुकमणि तिवारी, रामेश्वरी धुर्वे, अनीता माझी, कंचन मिश्रा, उषा गुप्ता, सुमन यादव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण बच्चों द्वारा प्रस्तुत “सुदामा चरित्र” की मनमोहक झांकी रही, जिसने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। इस प्रस्तुति में श्रियांशी, आयु, प्रियल, हिमांशु, पीहू, परी, आकांक्षित और गुंजन ने शानदार अभिनय कर खूब सराहना बटोरी।