बिलासपुर में लिव-इन रिलेशनशिप को लेकर बवाल : युवती ने शादीशुदा बॉयफ्रेंड पर किया हमला, थाने में भी चला हाई वोल्टेज ड्रामा.. देखें वॉयरल वीडियो..

बिलासपुर। शहर के सकरी थाना क्षेत्र में लिव-इन रिलेशनशिप को लेकर बुधवार देर रात जमकर हंगामा हुआ। विवाद इतना बढ़ गया कि साथ रह रही युवती ने अपने शादीशुदा बॉयफ्रेंड पर धारदार वस्तु से हमला कर दिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों को सकरी थाना ले जाया गया, जहां देर रात तक हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा।

जानकारी के अनुसार कुदूदंड निवासी सुरेंद्र पहले से शादीशुदा है। बताया जा रहा है कि वह अपने परिवार से अलग होकर सकरी स्थित अटल आवास में एक दूसरी युवती के साथ रह रहा था। दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे और वे वर्ष 2024 से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। इस दौरान उनकी एक सात महीने की बेटी भी हुई।

देखें वॉयरल वीडियो..

बताया जा रहा है कि बुधवार रात किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि युवती ने गुस्से में युवक पर हमला कर दिया। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों को थाने ले जाया गया।

थाने में भी दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक बहस और हंगामा चलता रहा। पुलिस ने दोनों को समझाने का प्रयास किया। बाद में पुलिस की मौजूदगी में स्टाम्प पेपर पर समझौता कराया गया। समझौते में दोनों ने आपसी सहमति से अलग-अलग रहने का फैसला किया। यह भी तय हुआ कि उनकी सात महीने की बेटी अपनी मां के साथ रहेगी।

देखें वॉयरल वीडियो..

सूत्रों के मुताबिक समझौते के बाद भी थाने में विवाद शांत नहीं हुआ और युवती ने थाना परिसर में भी युवक के साथ मारपीट कर दी। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में युवती युवक को पीटती हुई दिखाई दे रही है। घटना के बाद इलाके में वॉयरल वीडियो को तरह-तरह की चर्चाएं भी होती रहीं। हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

मामले में सीएसपी निमितेश सिंह ने बताया कि युवक और युवती थाने पहुंचे थे। दोनों के बीच आपसी समझौता हो गया है, इसलिए तत्काल कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो की भी जांच की जाएगी और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।