जनता ने लगाई मोदी की नीतियों पर मुहर : बंगाल में बदलाव, असम में भाजपा की हैट्रिक – अमर अग्रवाल

बिलासपुर। पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव परिणाम सामने आते ही देश की राजनीति में नया संदेश गया है। इन नतीजों पर प्रतिक्रिया देते हुए बिलासपुर के नगर विधायक अमर अग्रवाल ने भारतीय जनता पार्टी की जीत को जनता का स्पष्ट जनादेश बताया। उन्होंने कहा कि देश की जनता ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और ‘मोदी की गारंटी’ पर भरोसा जताया है।

अमर अग्रवाल ने विशेष रूप से पश्चिम बंगाल में भाजपा की ऐतिहासिक सफलता और असम में लगातार तीसरी बार मिली जीत को राजनीति का महत्वपूर्ण मोड़ बताया। उन्होंने कहा कि ये परिणाम बताते हैं कि जनता अब विकास, सुशासन और सुरक्षा के मुद्दों को प्राथमिकता दे रही है।

बंगाल में बदलाव की लहर..

बंगाल के परिणामों पर खुशी व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि वहां की जनता ने लंबे समय से चल रही अव्यवस्था और भय के माहौल को खत्म करने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि अब बंगाल में परिवर्तन की शुरुआत हो चुकी है और लोग खुले दिल से इस जीत का जश्न मना रहे हैं।

असम में विश्वास की हैट्रिक..

असम में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनने को उन्होंने जनता के भरोसे की जीत बताया। उन्होंने कहा कि राज्य में विकास कार्यों और स्थिर नेतृत्व के कारण लोगों ने फिर से भाजपा को अवसर दिया है।

पुडुचेरी में भी बदलाव का संदेश..

पुडुचेरी के परिणामों का जिक्र करते हुए अमर अग्रवाल ने कहा कि वहां भी जनता ने विकास और स्थिरता के पक्ष में मतदान किया है। यह साफ संकेत है कि देशभर में सकारात्मक बदलाव की लहर चल रही है।

मोदी के विजन को मिला समर्थन..

अमर अग्रवाल ने कहा कि इन चुनाव परिणामों ने यह साबित कर दिया है कि प्रधानमंत्री मोदी का विजन और उनकी नीतियां जनता के दिलों में जगह बना चुकी हैं। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री की मेहनत और समर्पण का परिणाम बताया।

अंत में उन्होंने लोकतांत्रिक परंपराओं का सम्मान करते हुए अन्य राज्यों में जीत हासिल करने वाले दलों को भी बधाई दी और कहा कि लोकतंत्र में जनता का निर्णय सर्वोपरि होता है।