ग्राम देलारी में वन्य जीव का मांस पकाने का मामला उजागर, पांच आरोपी गिरफ्तार..

रायगढ़। वन विभाग की टीम ने ग्राम देलारी में वन्य प्राणी का मांस पकाने की सूचना पर बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई उप वनमण्डलाधिकारी रायगढ़ के निर्देश पर की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 16 अप्रैल को वन विभाग को सूचना मिली थी कि गांव में कुछ लोग वन्य जीव का मांस पकाकर उसका सेवन कर रहे हैं। सूचना के आधार पर वन विभाग ने तलाशी वारंट जारी कर अलग-अलग घरों में छापेमारी की।

तलाशी के दौरान आत्माराम पिता धनीराम के घर से 400 ग्राम, मायाराम पिता धनीराम के घर से 2.5 किलोग्राम, हरिश्चंद्र पिता लक्ष्मीनारायण साव के घर से 1.4 किलोग्राम तथा तरुण पिता त्रिनाथ के घर से 500 ग्राम पका हुआ मांस बरामद किया गया। वहीं मोतीराम पिता बुद्धराम राठिया ने पूछताछ में बताया कि वह 1 किलोग्राम मांस पकाकर खा चुका है।

वन विभाग ने सभी आरोपियों के खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत धारा 39, 50 और 51 में मामला दर्ज किया है। पी.ओ.आर. क्रमांक 7541/08 दिनांक 16 अप्रैल 2026 के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

वन विभाग ने इस कार्रवाई को वन्य जीवों की सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का हिस्सा बताते हुए आम लोगों से भी अपील की है कि वे इस तरह की अवैध गतिविधियों से दूर रहें और वन्य जीव संरक्षण में सहयोग करें।