

बिलासपुर। बिलासपुर जिले के रतनपुर इलाके में राहगीरों को रोककर चाकू मारने और मारपीट करने वाले बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शराब के लिए पैसे नहीं देने पर इन बदमाशों ने एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया था। पुलिस ने मामले में दो बालिग और दो नाबालिग आरोपियों को पकड़ा है। इसके अलावा, रतनपुर-कोटा रोड पर गाड़ियों पर पत्थर फेंकने वाले दो अन्य बदमाशों को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

शादी से लौटते वक्त रोका, फिर मारा चाकू..
पुलिस के मुताबिक, 29 मार्च की रात करीब 9:30 बजे राहुल सिदार नाम का युवक अपने दोस्तों के साथ एक शादी समारोह से लौट रहा था। जूनाशहर-लखनी देवी मंदिर रोड पर पल्सर बाइक सवार 4 लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया। बदमाशों ने उनसे शराब पीने के लिए पैसों की मांग की।
जब युवकों ने पैसे देने से साफ मना कर दिया, तो बदमाशों ने गालियां देते हुए मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच एक बदमाश ने अजय ध्रुव नाम के युवक पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में अजय बुरी तरह घायल हो गया।
अगले दिन फिर की लूटपाट की कोशिश..
चाकूबाजी की घटना के अगले ही दिन (30 मार्च) इन बदमाशों ने फिर से एक राहगीर को निशाना बनाया। दोपहर करीब 3 बजे सुमित कुमार रजवाड़े अपने भतीजे के साथ बाइक से कोरबाभांवर गांव जा रहे थे। जूनाशहर बाईपास के पास इन्हीं 4 बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और फिर से शराब के लिए पैसे मांगे। पैसे नहीं देने पर इनके साथ भी मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। सुमित ने 31 मार्च को रतनपुर थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा, चाकू बरामद..
लगातार दो घटनाओं के बाद रतनपुर थाना प्रभारी और प्रशिक्षु आईपीएस अंशिका जैन के नेतृत्व में एक टीम बनाई गई। पुलिस ने मुखबिरों की सूचना और घेराबंदी कर 4 संदिग्धों को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ में उन्होंने दोनों वारदातें करना कबूल कर लिया। पुलिस ने इनके पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 21 साल के मनीष मरावी (निवासी अमतरा, कोनी) और 20 साल के विक्रम मरावी (निवासी जूनाशहर, रतनपुर) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। वहीं, पकड़े गए दो नाबालिगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें बाल न्यायालय में पेश किया गया है।
गाड़ियों पर पत्थर मारने वाले 2 बदमाश भी अरेस्ट..
चाकूबाजी के अलावा, पुलिस को रतनपुर-कोटा मार्ग पर आने-जाने वाले वाहनों पर पत्थर फेंकने की भी लगातार शिकायत मिल रही थी। इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने जूनाशहर के ही रहने वाले 20 साल के सिद्धार्थ धुर्वे और 25 साल के उमेन्द्र सिंह को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ पुलिस ने बीएनएस (BNS) की धारा 170 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की है।



