फसल चरने की बात पर भड़का विवाद, किसान की जबरन कीटनाशक पिलाकर हत्या का आरोप; चार गिरफ्तार..

बिलासपुर। खेत की फसल चरने की मामूली बात को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि एक अधेड़ व्यक्ति की जान चली गई। हिर्री थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति को कथित तौर पर पकड़कर जबरदस्ती कीटनाशक पिलाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मर्ग जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर हत्या का अपराध दर्ज करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है।

घटना 27 अगस्त 2026 की सुबह करीब 7:45 बजे ग्राम मुरू-खरकेना मार्ग के पास की बताई गई है। मृतक की पहचान राजू निर्मलकर (58), निवासी पथराली, थाना हिर्री के रूप में हुई है।

मर्ग जांच में सामने आई हत्या की बात..

पुलिस के अनुसार राजू निर्मलकर की मौत के बाद थाना हिर्री में मर्ग क्रमांक 35/26 के तहत जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान मृतक की पत्नी शीला निर्मलकर के बयान, घटनास्थल के निरीक्षण और मर्ग इंटीमेशन पंचनामा समेत अन्य तथ्यों का परीक्षण किया गया। जांच के दौरान पुलिस को ऐसे तथ्य मिले, जिनसे यह सामने आया कि खेत की फसल चरने की बात को लेकर आरोपियों ने राजू निर्मलकर के साथ विवाद किया और उसे पकड़कर कथित तौर पर जबरन कीटनाशक दवा पिला दी।इसके बाद पुलिस ने मामले को सामान्य मौत न मानते हुए हत्या का अपराध दर्ज कर विवेचना आगे बढ़ाई।

पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकारने की बात कही..

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर हिर्री थाना प्रभारी निरीक्षक दामोदर प्रसाद मिश्रा के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने संदेह के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की और उन्हें अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की।

पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने घटना में अपनी भूमिका स्वीकार की। आरोपी गोलू उर्फ जगजीवन पठारी के मेमोरण्डम कथन के आधार पर पुलिस को बताया गया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर राजू निर्मलकर को कीटनाशक दवा पिलाई थी। आरोपी ने कथित तौर पर कीटनाशक की डिब्बी को घटनास्थल के पास झाड़ियों में छिपाने की बात भी बताई।

चार आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजे गए..

हिर्री पुलिस ने मामले में गोलू उर्फ जगजीवन पठारी (31), मनमोहन पठारी (30), संदीप यादव (21) और राकेश निर्मलकर (26) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार चारों अलग-अलग गांवों के निवासी हैं और घटना में उनकी भूमिका की जांच की गई है। इसके अलावा एक विधि से संघर्षरत बालक के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की गई है।सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

हत्या की धारा में मामला दर्ज..

हिर्री पुलिस ने इस मामले में अपराध क्रमांक 229/2026 दर्ज किया है। आरोपियों के खिलाफ धारा 103(1) और 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की विवेचना जारी है और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों एवं साक्ष्यों का परीक्षण किया जा रहा है।

यह कार्रवाई बिलासपुर के उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह और नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा राजेश जोशी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी हिर्री निरीक्षक दामोदर प्रसाद मिश्रा के नेतृत्व में की गई।