लावारिस टाटा एस से 40 किलो गांजा जब्त: गाड़ी के नीचे बना रखा था गुप्त चैंबर; 25 लाख का माल बरामद..

बिलासपुर। जिले की सकरी पुलिस ने रविवार को एक लावारिस गाड़ी से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है। तस्करों ने गांजा छिपाने के लिए टाटा एस (छोटा हाथी) के नीचे एक विशेष गुप्त चैंबर बना रखा था। पुलिस ने करीब 40 किलो गांजा और गाड़ी को जब्त कर लिया है, जिसकी कुल कीमत 25 लाख 20 हजार रुपए आंकी गई है।

दो दिन से खड़ी थी संदिग्ध गाड़ी..

पुलिस को सूचना मिली थी कि सकरी थाना क्षेत्र के ग्राम भरनी मेला ग्राउंड (पिंडारी मोड़) के पास एक टाटा एस पिछले दो दिनों से लावारिस हालत में खड़ी है। इस पर पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। जब पुलिस ने गाड़ी की जांच शुरू की, तो वहां से गांजे की तेज गंध आ रही थी।

लोहे के बॉक्स में छिपा था गांजा..

शुरुआती तलाशी में गाड़ी खाली नजर आ रही थी, लेकिन गंध आने के कारण पुलिस ने बारीकी से जांच की। जांच के दौरान पता चला कि गाड़ी (CG 29 A 3487) के नीचे लोहे का एक अलग से चैंबर (बॉक्स) वेल्डिंग करके बनाया गया है। पुलिस ने जब उसे खोला, तो उसमें गांजे के पैकेट भरे हुए थे।

आरोपियों की तलाश जारी..

पुलिस ने गाड़ी से कुल 40 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए गाड़ी और गांजा जब्त कर लिया है। फिलहाल पुलिस गाड़ी नंबर के आधार पर उसके मालिक और वाहन को वहां छोड़कर भागने वाले आरोपियों का पता लगा रही है।