

बिलासपुर जिले के भोजपुरी गांव की रहने वाली 11 साल की पीहू कारके अब पूरी तरह से स्वस्थ है। लंबे समय से दिल की गंभीर बीमारी से जूझ रही पीहू का रायपुर जिला प्रशासन की पहल प्रोजेक्ट धड़कन के तहत सत्य साईं अस्पताल नवा रायपुर में सफल ऑपरेशन किया गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर चल रही इस स्वास्थ्य योजना से बच्ची को नया जीवन मिला है और वह अब सामान्य जिंदगी जी रही है।

कक्षा छठवीं में पढ़ने वाली पीहू को दिल की बीमारी के कारण खेलने कूदने और अन्य शारीरिक काम करने में काफी परेशानी होती थी। पीहू के पिता पुलिस विभाग में पदस्थ हैं और वर्तमान में जगदलपुर में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। पुलिस विभाग के कर्मचारियों और उनके परिवारों के लिए आयोजित स्वास्थ्य जांच शिविर प्रोजेक्ट छांव में पीहू के माता पिता ने उसकी जांच कराई थी। इसी शिविर में प्रोजेक्ट धड़कन की विशेषज्ञ टीम ने पीहू के दिल की जांच की। शुरुआती जांच के बाद पीहू को बेहतर इलाज के लिए सत्य साईं अस्पताल भेजा गया था।
नवा रायपुर के अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों ने जांच के बाद एक सप्ताह के भीतर ही बच्ची का सफल ऑपरेशन कर दिया। ऑपरेशन के बाद पीहू को स्वस्थ होने पर अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। अब वह बिलासपुर में अपने घर पर है और पूरी तरह ठीक होकर अपनी पढ़ाई लिखाई में मन लगा रही है। पीहू अब अपनी बहनों और दादी के साथ कैरम और अन्य खेलों का भी खुलकर आनंद ले रही है। बच्ची की मां इंद्राणी कारके ने समय पर हुए इस सफल इलाज के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया है और कहा है कि इस योजना से उनके परिवार में नई उम्मीद जागी है।



