

बिलासपुर। जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र में एक युवक से चाकू की नोक पर लूटपाट का मामला सामने आया है। दो युवकों ने रास्ता रोककर पहले गाली-गलौज की और फिर चाकू दिखाकर उससे पैसे छीन लिए।

घटना की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी शुभम राव, मराठा वार्ड नंबर 09 तेलंगापारा रतनपुर का निवासी है। वह सावन स्वीट्स के सामने गन्ना रस की दुकान चलाता है। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि 10 मार्च 2026 की रात करीब 8 बजे वह रानीगांव स्थित शासकीय शराब दुकान से दो पाव शराब खरीदकर अपनी मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था।
रास्ता रोककर की लूटपाट..
इसी दौरान शराब भट्ठी के सामने सड़क पर करैहापारा निवासी विक्कु रावत अपने एक साथी के साथ खड़ा मिला। दोनों ने उसका रास्ता रोक लिया और शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगे।जब शुभम राव ने पैसे देने से मना किया तो दोनों आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।
आरोप है कि इसी दौरान एक आरोपी ने चाकू निकालकर उसे जान से मारने की धमकी दी और डर का फायदा उठाकर करीब 2000 रुपये छीन लिए। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
थाने पहुंचकर दर्ज कराई शिकायत..
घटना के बाद पीड़ित युवक ने अपने परिजनों को पूरी जानकारी दी। इसके बाद वह रतनपुर थाने पहुंचा और पूरी घटना की शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने दर्ज किया मामला..
पीड़ित की शिकायत के आधार पर रतनपुर पुलिस ने आरोपी विक्कु रावत और उसके एक अन्य साथी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 119(1), 126(2), 296, 3(5) और 351(3) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।



