

मुख्यमंत्री के नाम प्रशासन से की सख्त कार्रवाई की मांग, संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाने पर जोर..

पेंड्रा। आगामी बकरीद पर्व को देखते हुए Vishwa Hindu Parishad और Bajrang Dal के गौ रक्षा विभाग, जिला गौरेला-पेंड्रा-मरवाही द्वारा मुख्यमंत्री के नाम प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर प्रदेश में गौ-तस्करी और अवैध गौहत्या पर सख्त रोक लगाने की मांग की गई। संगठन ने कहा कि गौवंश की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन को संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए।
ज्ञापन में संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि प्रदेश में गौ संरक्षण को लेकर कानून मौजूद हैं, लेकिन कई स्थानों पर पुलिस और प्रशासन की ढिलाई के कारण गौ-तस्करी और अवैध परिवहन की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। उन्होंने मांग की कि ऐसे मामलों में तत्काल और कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाए, ताकि अपराधियों में कानून का भय बना रहे।
विहिप और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने प्रशासन का ध्यान इस ओर भी दिलाया कि कई क्षेत्रों में गौ-तस्करी की घटनाओं के कारण गौ-रक्षकों को स्वयं सड़कों पर उतरना पड़ता है। संगठन ने कहा कि यदि प्रशासन पहले से सतर्कता और निगरानी बढ़ाए तो कानून-व्यवस्था की स्थिति बेहतर बनी रहेगी और किसी प्रकार का तनाव उत्पन्न नहीं होगा।
ज्ञापन में बकरीद के दौरान पशुओं के परिवहन को लेकर विशेष निगरानी रखने की मांग की गई। संगठन ने कहा कि त्योहार के समय वाहनों में पशुओं के परिवहन को लेकर किसी भी प्रकार की अनौपचारिक ढील नहीं दी जानी चाहिए। सभी नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाए और अवैध परिवहन करने वालों पर तत्काल कार्रवाई हो।
संगठन ने सामाजिक सौहार्द बनाए रखने पर भी जोर दिया। पदाधिकारियों ने अपील की कि मुस्लिम समाज के वरिष्ठजन, विद्वान और समाज प्रमुख आगे आकर लोगों को कानून और सामाजिक संवेदनशीलता के प्रति जागरूक करें, ताकि किसी प्रकार का विवाद या तनाव उत्पन्न न हो।
विहिप गौ रक्षा विभाग ने कहा कि हिंदू समाज गौवंश की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और प्रशासन से अपेक्षा करता है कि वह संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए।
ज्ञापन सौंपने वालों में बजरंग दल जिला सह संयोजक विनय पांडे, गौरक्षा प्रमुख शुभम गुप्ता, विहिप जिला सह मंत्री निखिल परिहार, जिला साप्ताहिक मिलन प्रमुख रविंद्र कुमार, जिला धर्म प्रसार प्रमुख बृजेश पुरी, जिला सुरक्षा प्रमुख नवीन विश्वकर्मा, प्रखंड अध्यक्ष शैलेश जायसवाल, उत्तम राय, राहुल जायसवाल, प्रकाश पटेल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



