पेंड्रा, 23 जुलाई। पेंड्रा क्षेत्र में नाबालिग छात्रा के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित विवेचना कर साक्ष्य जुटाए, पीड़िता का न्यायालय में बयान दर्ज कराया और मेडिकल परीक्षण के बाद दुष्कर्म की पुष्टि होने पर आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित गंभीर धाराएं जोड़ दीं।

जानकारी के अनुसार, 15 जुलाई 2026 को थाना पेंड्रा में एक नाबालिग छात्रा के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। मामला सामने आते ही पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी के निर्देश पर थाना पेंड्रा की टीम ने तत्काल जांच शुरू की। पुलिस ने विभिन्न पहलुओं पर जांच करते हुए पीड़िता को बरामद किया और उसके न्यायालय में बयान दर्ज कराने के साथ मेडिकल परीक्षण कराया।
विवेचना के दौरान सामने आए तथ्यों और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पीड़िता के साथ दुष्कर्म की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64(2), 65(1) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4 और 6 के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी।
पुलिस ने आरोपी अमित शर्मा (34 वर्ष), निवासी रामनगर, जिला मैहर (मध्यप्रदेश), जो पेशे से शिक्षक है, को 22 जुलाई की रात करीब 9:40 बजे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को विशेष न्यायालय, पेंड्रारोड में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, नाबालिगों से जुड़े अपराधों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। ऐसे मामलों में त्वरित विवेचना कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। पुलिस ने कहा कि पीड़िता की पहचान गोपनीय रखते हुए पूरे मामले की जांच नियमानुसार आगे बढ़ाई जा रही है।







