

बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के बिलासपुर मंडल में रेल कर्मचारियों की समस्याओं के त्वरित समाधान और उनकी सुविधाओं के विस्तार को लेकर एक बड़ा और सकारात्मक कदम उठाया गया है। बिलासपुर मंडल में 23 से 25 अप्रैल 2026 तक आयोजित तीन दिवसीय मंडल स्तरीय पीएनएम (परमानेंट नेगोशियेशन मशीनरी) और रनिंग स्टाफ की बैठक सफलतापूर्वक संपन्न हो गई है। इस महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक (DRM) श्री राकेश रंजन ने की, जिसमें कर्मचारियों के कल्याण और उनकी लंबित मांगों को लेकर कई बड़े निर्णय लिए गए हैं।

इस मैराथन बैठक में रेल कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न विभागीय विषयों पर विस्तार से मंथन किया गया। बैठक का कुशल संचालन वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी डॉ. अंशुमान मिश्रा द्वारा किया गया। इस दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक जे. एस. मीना और के. श्रीनिवास भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। प्रशासन और साउथ ईस्ट सेंट्रल रेलवे मजदूर कांग्रेस के बीच बेहतर संवाद का यह एक उत्कृष्ट उदाहरण रहा। बैठक में मजदूर कांग्रेस, बिलासपुर के मंडल समन्वयक विजय अग्निहोत्री, बी. कृष्णकुमार, लक्ष्मण राव,आर. के. यादव सहित विभिन्न विभागों के शाखाधिकारी और सभी शाखा सचिवों ने अपनी सक्रिय भागीदारी दर्ज कराई।
79 एजेंडों पर हुआ मंथन, कई का ऑन-द-स्पॉट समाधान..

बैठक के दौरान कर्मचारियों के हितों से जुड़े कुल 79 एजेंडों पर पूरी गंभीरता के साथ विचार-विमर्श किया गया। इनमें 38 पुराने और लंबित मुद्दे शामिल थे, जबकि 30 नए और 11 विशेष एजेंडों को भी प्रमुखता से चर्चा में शामिल किया गया। राहत की बात यह रही कि प्रशासन और यूनियन के बीच बनी आपसी सहमति से कई महत्वपूर्ण मुद्दों का समाधान बैठक के दौरान ही कर लिया गया। वहीं, जो विषय शेष रह गए हैं, उन पर संबंधित विभागों को जल्द से जल्द आवश्यक कार्यवाही पूरी करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।
रनिंग स्टाफ की सुरक्षा और सुविधाओं पर विशेष फोकस..
पीएनएम के साथ ही रनिंग स्टाफ के लिए एक विशेष बैठक का भी आयोजन किया गया। ट्रेनों के सुचारू और सुरक्षित परिचालन में रनिंग स्टाफ की भूमिका सबसे अहम होती है। इसे ध्यान में रखते हुए इस मीटिंग में रनिंग कर्मचारियों से जुड़े 16 महत्वपूर्ण एजेंडों पर गंभीर चर्चा हुई। उनकी कार्य परिस्थितियों, सुविधाओं, सुरक्षा मानकों और कल्याण से जुड़े मुद्दों पर सकारात्मक विचार-विमर्श करते हुए कई जरूरी सुधारात्मक कदम उठाने पर प्रशासन की पूर्ण सहमति बनी है।
कर्मचारियों का कल्याण हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता : डीआरएम
पूरी बैठक बेहद सौहार्दपूर्ण और रचनात्मक माहौल में संपन्न हुई। समापन अवसर पर डीआरएम राकेश रंजन ने स्पष्ट किया कि रेल प्रशासन अपने कर्मचारियों और उनके परिजनों के कल्याण के प्रति पूरी तरह से संवेदनशील और प्रतिबद्ध है। उन्होंने आश्वस्त किया कि कर्मचारियों को एक बेहतर, सुरक्षित और तनावमुक्त कार्य वातावरण उपलब्ध कराने के लिए रेलवे निरंतर प्रयासरत है। डीआरएम ने भरोसा दिलाया कि मजदूर कांग्रेस द्वारा उठाए गए सभी वाजिब मुद्दों पर रेलवे बोर्ड के दिशा-निर्देशों के अनुरूप विधिसम्मत और त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।



