

बिलासपुर।अचानकमार टाइगर रिजर्व में वेतन भुगतान को लेकर चल रहा सफारी वाहन चालकों का विवाद आखिरकार सुलझ गया है। गुरुवार को इंटरप्रिटेशन सेंटर शिवतराई में अधिकारियों और वाहन चालकों के बीच महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी पक्षों के बीच सहमति बनने के बाद शाम से सफारी वाहनों का संचालन फिर शुरू करने का निर्णय लिया गया।

बैठक में फील्ड डायरेक्टर, सहायक संचालक बफर, संबंधित परिक्षेत्र अधिकारी और सभी सफारी वाहन चालक मौजूद रहे। इस दौरान वाहन चालकों ने पिछले कुछ दिनों से वेतन नहीं मिलने के कारण हो रही आर्थिक परेशानियों से अधिकारियों को अवगत कराया।
अधिकारियों ने बैठक में स्पष्ट किया कि वाहन चालकों का लगभग 3 लाख 91 हजार रुपये वेतन भुगतान पहले ही उप-संचालक कार्यालय को भेजा जा चुका था, लेकिन एसबीआई बैंक की हड़ताल और अवकाश के कारण भुगतान प्रक्रिया में विलंब हुआ। अधिकारियों ने कहा कि वेतन का चेक जारी हो चुका है और अगले कार्य दिवस में राशि चालकों के खातों में पहुंच जाएगी।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने वाहन चालकों को समझाइश देते हुए कहा कि बिना पूर्व सूचना के वाहन संचालन बंद करना और हड़ताल जैसा कदम उठाना उचित नहीं था। इससे अचानकमार टाइगर रिजर्व की पर्यटन व्यवस्था प्रभावित हुई और पर्यटकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। अधिकारियों ने यह भी कहा कि भविष्य में किसी भी समस्या की जानकारी सीधे वरिष्ठ अधिकारियों को दी जानी चाहिए, ताकि समय रहते समाधान निकाला जा सके।
वहीं वाहन चालकों ने भी अपनी गलती स्वीकार करते हुए कहा कि वे केवल वेतन भुगतान में हो रही देरी से परेशान थे। अधिकारियों द्वारा समाधान का आश्वासन मिलने के बाद सभी वाहन चालक पुनः काम शुरू करने के लिए तैयार हो गए।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि गुरुवार शाम से सभी सफारी वाहनों का संचालन फिर से शुरू कर दिया जाएगा। वाहन चालकों ने लिखित सहमति देते हुए अधिकारियों के साथ समझौता किया और नियमित रूप से कार्य करने का भरोसा दिलाया।
पर्यटन गतिविधियों पर पड़ा था असर..
वेतन भुगतान में देरी और वाहन संचालन रुकने से अचानकमार टाइगर रिजर्व आने वाले पर्यटकों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। सफारी वाहन बंद होने से जंगल सफारी और टूरिस्ट बुकिंग प्रभावित हुई थी। हालांकि अब विवाद सुलझने के बाद पर्यटन गतिविधियां फिर सामान्य होने की उम्मीद है।
अधिकारियों ने दिया भरोसा..
बैठक में अधिकारियों ने कहा कि भविष्य में वाहन चालकों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। साथ ही यह भी आश्वासन दिया गया कि कर्मचारियों के वेतन भुगतान में अनावश्यक देरी नहीं होने दी जाएगी।
बैठक के बाद वाहन चालकों और अधिकारियों के बीच बनी सहमति से अचानकमार टाइगर रिजर्व में राहत का माहौल है और पर्यटकों के लिए सफारी सेवाएं फिर से बहाल होने जा रही हैं।



