

सरकंडा पुलिस की त्वरित कार्रवाई दोनों आरोपियों को भेजा गया जेल..

बिलासपुर। शहर में असामाजिक तत्वों और खुलेआम हथियार लहराकर दहशत फैलाने वालों के खिलाफ पुलिस ने अपना अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में सरकंडा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बीच सड़क पर तलवार और चापड़ लहराकर राहगीरों महिलाओं और बच्चों को डराने वाले दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों अलग अलग मामलों में आरोपियों के पास से हथियार जब्त कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर इन दिनों शहर में अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ सघन अभियान चलाया जा रहा है। बुधवार 27 मई को सरकंडा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के रामायण चौक और पटवारी प्रशिक्षण केंद्र के पास मेन रोड पर दो युवक हाथ में लोहे की धारदार तलवार और चापड़ लेकर हंगामा कर रहे हैं। ये लोग आने जाने वाले राहगीरों महिलाओं और बच्चों को डरा धमका रहे थे और सरेआम गाली गलौज कर रहे थे।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए सरकंडा थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को धर दबोचा। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से इलाके के लोगों ने राहत की सांस ली क्योंकि सरेराह हथियार लहराने से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया था।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान मोहम्मद बाबू अंसारी उर्फ करीम और राजा ठाकुर के रूप में हुई है। 21 वर्षीय मोहम्मद बाबू अंसारी पिता मो मंसूर अंसारी चांटीडीह के रामायण चौक का रहने वाला है। वहीं दूसरा आरोपी 24 वर्षीय राजा ठाकुर पिता स्वर्गीय रामनिहोर सूर्या चौक चिंगराजपारा का निवासी है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से धारदार तलवार और चापड़ बरामद कर लिया है। सरकंडा पुलिस ने दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया जहां से न्यायालय के आदेश पर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इस पूरी पुलिस कार्रवाई में थाना प्रभारी सरकंडा के साथ सहायक उप निरीक्षक विदेशीराम साहू शैलेन्द्र सिंह आरक्षक रंतिज खांडे वीरेन्द्र साहू विवेक राय और संजीव जांगड़े की सराहनीय भूमिका रही।



