नेशनल हाईवे पर ‘बर्थडे रील’ का खतरनाक स्टंट, ब्लैक स्कॉर्पियो का वीडियो वायरल..सोशल मीडिया पर उठे कार्रवाई के सवाल..

लाइक्स और फॉलोअर्स के लिए जान जोखिम में, नेशनल हाईवे पर स्टंटबाजी ने बढ़ाई चिंता..

ब्लैक स्कॉर्पियो में युवती की ‘रील बाजी’ वायरल, ट्रैफिक नियमों की उड़ाई धज्जियां..

बिलासपुर। सोशल मीडिया पर वायरल होने और ज्यादा लाइक्स पाने की होड़ अब लोगों की सुरक्षा पर भारी पड़ती नजर आ रही है। बिलासपुर में एक बार फिर ब्लैक स्कॉर्पियों गाड़ी में स्टंट और रीलबाजी का मामला सामने आया है। इस बार वायरल वीडियो में एक युवती ब्लैक स्कॉर्पियो से बाहर निकलकर नेशनल हाईवे पर अपना बर्थडे सेलिब्रेट करती दिखाई दे रही है। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और इसे लेकर लोगों में नाराजगी भी देखी जा रही है।

देखें वॉयरल वीडियो..

जानकारी के मुताबिक वायरल वीडियो बिलासपुर जिले के नेशनल हाईवे का बताया जा रहा है, जहां ब्लैक कलर की स्कॉर्पियो क्रमांक CG 10 BP 3926 सड़क पर दौड़ रही थी। इसी दौरान गाड़ी के सामने युवती वीडियो और रील बनाती नजर आई। वीडियो में युवती बेखौफ अंदाज में जन्मदिन का जश्न मनाते दिखाई दे रही है, जबकि तेज रफ्तार वाहन हाईवे पर दौड़ रहा था।

वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने इसे ट्रैफिक नियमों की खुली अनदेखी बताया है। कई लोगों ने पुलिस और ट्रैफिक विभाग से ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि इस तरह के स्टंट न केवल वाहन में मौजूद लोगों की जान खतरे में डालते हैं, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य वाहन चालकों के लिए भी बड़ा खतरा बन सकते हैं।

रील के लिए बढ़ रहा जोखिम..

पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया पर “रील कल्चर” तेजी से बढ़ा है। खासकर युवाओं में चलती कार, बाइक और हाईवे पर वीडियो बनाने का ट्रेंड लगातार देखने को मिल रहा है। पुलिस द्वारा लगातार चेतावनी और कार्रवाई किए जाने के बावजूद लोग अपनी जान जोखिम में डालकर खतरनाक वीडियो बनाने से पीछे नहीं हट रहे हैं।

ट्रैफिक विशेषज्ञों का कहना है कि नेशनल हाईवे में बर्थडे रील बनाना बेहद खतरनाक साबित हो सकता है। इस रील के चक्कर में अचानक कोई वाहन असंतुलित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो सकता हैं या किसी अन्य वाहन की टक्कर से बड़ा हादसा हो सकता है।

सोशल मीडिया पर बहस तेज..

वायरल वीडियो के बाद सोशल मीडिया पर एक नई बहस भी छिड़ गई है। कई लोग सवाल उठा रहे हैं कि ऐसे मामलों में केवल वाहन चालक या मालिक पर ही कार्रवाई क्यों होती है, जबकि स्टंट करने वाले लोग भी बराबर जिम्मेदार होते हैं। हालांकि कानून के तहत वाहन की जिम्मेदारी चालक और वाहन मालिक की मानी जाती है, इसलिए अधिकतर मामलों में कार्रवाई उन्हीं पर की जाती है।

पुलिस कार्रवाई पर टिकी निगाहें..

अब लोगों की नजर पुलिस और ट्रैफिक विभाग की कार्रवाई पर टिकी हुई है। चर्चा इस बात की है कि क्या वायरल वीडियो के आधार पर वाहन चालक और संबंधित लोगों पर मोटर व्हीकल एक्ट और कानून का उल्लंघन करने के तहत कड़ी कार्रवाई होगी या मामला केवल सोशल मीडिया तक सीमित रह जाएगा।

फिलहाल वायरल वीडियो शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है और एक बार फिर सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।