15 पुलिस टीमों ने 100 से अधिक जवानों के साथ की जांच, CCTV से लेकर स्टाफ के दस्तावेजों तक खंगाले; नियम तोड़ने वालों पर होगी वैधानिक कार्रवाई..

रायपुर। राजधानी में स्पा सेंटरों की आड़ में होने वाली किसी भी संदिग्ध या अवैध गतिविधि पर शिकंजा कसने के लिए रायपुर पुलिस ने अब निगरानी और जांच का दायरा बढ़ा दिया है। शनिवार को पुलिस कमिश्नरेट ने शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में संचालित 30 स्पा सेंटरों पर एक साथ सघन जांच अभियान चलाया। एक साथ की गई इस कार्रवाई से स्पा सेंटर संचालकों में हड़कंप की स्थिति रही। जांच के लिए पुलिस ने 15 विशेष टीमों का गठन किया था, जिसमें राजपत्रित अधिकारियों सहित 100 से अधिक पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे।

यह कार्रवाई रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में तीनों जोन में एक साथ की गई। पुलिस उपायुक्त वेस्ट जोन रॉबिन्सन गुरिया, पुलिस उपायुक्त सेंट्रल जोन तारकेश्वर पटेल और पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन श्रीमती दीपमाला कश्यप के निर्देशन में टीमों ने अलग-अलग स्पा सेंटरों में पहुंचकर रिकॉर्ड और व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की। सहायक पुलिस आयुक्त श्रीमती स्नेहिल साहू, श्रीमती नंदिनी ठाकुर और सुश्री पूर्णिमा लामा के नेतृत्व में गठित टीमों ने जांच की कार्रवाई को अंजाम दिया।
ग्राहकों के रजिस्टर से लेकर CCTV तक की जांच..
पुलिस की जांच केवल स्पा सेंटर के भीतर मौजूद गतिविधियों तक सीमित नहीं रही। टीमों ने सबसे पहले ग्राहकों के रजिस्टर, स्टाफ रजिस्टर और अन्य आवश्यक अभिलेख खंगाले। इसके अलावा सेंटर में लगे CCTV कैमरों की उपलब्धता, उनकी रिकॉर्डिंग क्षमता और रिकॉर्ड सुरक्षित रखने की व्यवस्था भी जांची गई।
पुलिस ने स्पा सेंटर के संचालक, मैनेजर और कर्मचारियों के पुलिस वेरिफिकेशन की जानकारी भी जुटाई। कर्मचारियों की आयु से संबंधित दस्तावेजों की जांच के साथ यह भी देखा गया कि सेंटर में काम करने वाले कर्मचारियों का पूरा रिकॉर्ड नियमानुसार रखा जा रहा है या नहीं।
लाइसेंस और किराए से लेकर स्वामित्व के दस्तावेज भी देखे..
जांच के दौरान पुलिस टीमों ने स्पा सेंटरों के लीज और किराए के दस्तावेज, स्वामित्व संबंधी कागजात तथा आवश्यक अनुमतियों की भी जांच की। पुलिस ने यह पता लगाने का प्रयास किया कि संबंधित सेंटर नियमानुसार संचालित हो रहे हैं या नहीं। इसके साथ ही सेंटर के भीतर किसी प्रकार की प्रतिबंधित या संदिग्ध गतिविधि तो नहीं हो रही है, परिसर की व्यवस्था कैसी है और निर्धारित नियमों का पालन किया जा रहा है या नहीं, इसकी भी पड़ताल की गई।
दो स्पा सेंटरों में मिली आपत्तिजनक वस्तुएं..
सघन जांच के दौरान पुलिस को दो स्पा सेंटरों में आपत्तिजनक वस्तुएं मिलीं। इसके बाद संबंधित मैनेजर और कर्मचारियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई शुरू की गई है। पुलिस के अनुसार इनमें थाना डीडी नगर क्षेत्र का एलिना स्पा सेंटर और थाना पंडरी क्षेत्र के अंबुजा मॉल में संचालित ला थाई स्पा सेंटर शामिल हैं।
इन दोनों सेंटरों के मैनेजर और कर्मचारियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जांच में यदि किसी सेंटर में नियमों का उल्लंघन, संदिग्ध गतिविधि या अन्य अनियमितता सामने आती है तो संबंधित संचालक, मैनेजर और कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
कमिश्नरेट बनने के बाद निगरानी का दायरा बढ़ा..
रायपुर में पुलिस कमिश्नरेट व्यवस्था लागू होने के बाद पुलिस ने शहर में संचालित विभिन्न गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने पर जोर दिया है। इसी क्रम में स्पा सेंटरों की यह सामूहिक जांच कार्रवाई महत्वपूर्ण मानी जा रही है। पुलिस का उद्देश्य केवल एक बार जांच करना नहीं, बल्कि ऐसे सेंटरों की लगातार निगरानी और नियमों के पालन की जांच करना है।


पुलिस अधिकारियों के मुताबिक शहर में किसी भी व्यवसाय की आड़ में संदिग्ध गतिविधियों को संचालित करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। स्पा सेंटरों को भी निर्धारित नियमों और कानूनी प्रावधानों का पालन करना होगा। आने वाले दिनों में भी ऐसे सेंटरों की जांच और निगरानी जारी रहने के संकेत पुलिस ने दिए हैं।
पुलिस का साफ संदेश – नियम तोड़े तो कार्रवाई तय..
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की इस कार्रवाई से साफ है कि शहर में स्पा सेंटरों के संचालन को लेकर पुलिस अब केवल शिकायत मिलने का इंतजार नहीं करेगी, बल्कि संदिग्ध गतिविधियों की रोकथाम के लिए नियमित जांच और निगरानी पर जोर देगी। पुलिस ने संचालकों को भी नियमों का पालन करने की हिदायत दी है। जांच के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता सामने आने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।







