
रोटरी क्लब ऑफ बिलासपुर यूनाइटेड और VolunTeens की पहल, मोपका प्राथमिक शाला में बच्चों को पढ़ाई के लिए किया प्रोत्साहित..

बिलासपुर। जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा से जोड़ने और उन्हें पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित करने की दिशा में रोटरी क्लब ऑफ बिलासपुर यूनाइटेड और Volun Teens Bilaspur ने पहल की। शासकीय प्राथमिक शाला, मोपका में आयोजित कार्यक्रम में 140 विद्यार्थियों को स्कूल बैग और लंच बॉक्स वितरित किए गए। कार्यक्रम की खास बात यह रही कि विद्यालय के अनुरोध पर रोटेरियन पियूष गुप्ता ने मेधावी छात्रा सौम्या निषाद की आगे की शिक्षा का खर्च उठाने की जिम्मेदारी भी ली।
कार्यक्रम में बच्चों को केवल शिक्षण सामग्री ही नहीं दी गई, बल्कि उन्हें मेहनत और अनुशासन के साथ पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रेरित भी किया गया। रोटरी क्लब के अध्यक्ष रोटेरियन प्रमोद अग्रवाल ने विद्यार्थियों से कहा कि जीवन में सफलता हासिल करने के लिए सुविधाओं से अधिक जरूरी मेहनत, अनुशासन और पढ़ने की इच्छा है। बच्चों को अपने सपनों को बड़ा रखने और उन्हें पूरा करने के लिए लगातार प्रयास करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि बच्चे मन लगाकर पढ़ें और अपने माता-पिता व विद्यालय का नाम रोशन करें। रोटरी क्लब उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए हमेशा सहयोग के लिए तत्पर रहेगा।
पढ़ाई में आगे बढ़ने वाली छात्रा को मिला सहारा..
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्राचार्य ने मेधावी छात्रा सौम्या निषाद की शिक्षा से जुड़ी जरूरतों की जानकारी रोटरी क्लब के सदस्यों को दी। छात्रा की पढ़ाई के प्रति लगन और प्रतिभा को देखते हुए रोटेरियन पियूष गुप्ता ने उसकी शिक्षा का खर्च उठाने की जिम्मेदारी ली। इस पहल से छात्रा को आगे की पढ़ाई जारी रखने में आर्थिक सहयोग मिलेगा। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने इस पहल को जरूरतमंद विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी बताया।
बच्चों के चेहरे पर दिखी खुशी..
स्कूल बैग और लंच बॉक्स मिलने से विद्यार्थियों के चेहरे पर खुशी नजर आई। संस्था के सदस्यों ने बच्चों से बातचीत कर उनकी पढ़ाई और रुचियों के बारे में भी जानकारी ली। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए जरूरी सामग्री उपलब्ध कराने के साथ ही उनमें आत्मविश्वास बढ़ाना और शिक्षा के प्रति सकारात्मक माहौल तैयार करना रहा।
कार्यक्रम में रोटरी क्लब ऑफ बिलासपुर यूनाइटेड के अध्यक्ष रोटेरियन प्रमोद अग्रवाल, रोटेरियन पियूष गुप्ता, रोटेरियन रुपिन खंडूजा, रोटेरियन अविनाश अग्रवाल, रोटेरियन अनुमेह श्रीवास्तव और रोटेरियन साजिद वनक सहित विद्यालय के शिक्षक, VolunTeens Bilaspur की टीम और विद्यार्थी उपस्थित रहे।







