अरपा की सफाई के लिए 400 से ज्यादा हाथ जुटे, बच्चों ने दिया स्वच्छता का संदेश..

गांधी जयंती पर लोक उदय फाउंडेशन का ‘हमर अरपा’ अभियान, रिवर व्यू पॉइंट और आसपास के क्षेत्र में चलाया सफाई अभियान..

बिलासपुर। गांधी जयंती के अवसर पर अरपा नदी को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए शहर के लोगों ने जनभागीदारी की मिसाल पेश की। लोक उदय फाउंडेशन की ओर से आयोजित ‘हमर अरपा : स्वच्छता अभियान’ में 400 से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया। बच्चों, युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने अरपा नदी के रिवर व्यू पॉइंट (हैप्पी स्ट्रीट) सहित आसपास के क्षेत्रों में सफाई की और लोगों को सार्वजनिक स्थानों पर कचरा नहीं फैलाने का संदेश दिया।

अभियान का उद्देश्य केवल नदी और उसके आसपास की सफाई करना नहीं, बल्कि लोगों में स्वच्छता को लेकर जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी रहा। अभियान में बड़ी संख्या में बच्चों और युवाओं की भागीदारी रही। सफाई के साथ लोगों को समझाया गया कि सार्वजनिक स्थान भी उनके अपने घर की तरह हैं, इसलिए वहां गंदगी फैलाने से बचना चाहिए और कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालना चाहिए।

‘सफाई एक दिन का कार्यक्रम नहीं, निरंतर जिम्मेदारी’..

कार्यक्रम में समाजसेवी एवं परोपकारी प्रवीण झा ने कहा कि स्वच्छता किसी एक दिन का अभियान नहीं है। इसे अपनी आदत और रोजमर्रा की जिम्मेदारी का हिस्सा बनाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि जिस तरह लोग अपने घर की सफाई का ध्यान रखते हैं, उसी तरह शहर और सार्वजनिक स्थानों को भी स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी हर नागरिक की है।

झा ने बच्चों से संवाद करते हुए स्वच्छता के लिए व्यवहार में बदलाव लाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति सार्वजनिक स्थान पर कचरा फेंकता है तो उसे डांटने के बजाय प्यार और सम्मान के साथ समझाया जा सकता है। उन्होंने बच्चों को उदाहरण देते हुए कहा कि ऐसे समय में सहजता से कहा जा सकता है – ‘लाइए, आपका कूड़ा हम कचरे के डिब्बे में डाल देते हैं।’ उन्होंने कहा कि इस तरह की छोटी पहल लोगों के व्यवहार में बड़ा बदलाव ला सकती है।

‘पहले खुद बदलें, फिर दूसरों को प्रेरित करें’..

प्रवीण झा ने कहा कि स्वच्छता की शुरुआत किसी दूसरे से नहीं, बल्कि खुद से होती है। जब लोग स्वयं कचरा नहीं फैलाएंगे और आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे, तभी शहर को साफ रखने की मुहिम मजबूत होगी। उन्होंने बच्चों से अपील की कि वे स्वच्छता का संदेश अपने परिवार और आसपास के लोगों तक भी पहुंचाएं।

कई संस्थाओं का मिला सहयोग..

अभियान का नेतृत्व लोक उदय फाउंडेशन के निदेशक विशाल आनंद झा ने किया। कार्यक्रम को नगर निगम, जीवन संस्कार सेवा समिति, त्रिवेणु-द हेल्पिंग हैंकीज और ITSA Hospital का सहयोग मिला।

कार्यक्रम में बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल, समाजसेवी एवं परोपकारी प्रवीण झा, नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे और महापौर पूजा विधानी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

लोक उदय फाउंडेशन ने गांधीजी के स्वच्छता और जनभागीदारी के संदेश को आगे बढ़ाते हुए नागरिकों से अरपा नदी और शहर के सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने की अपील की। संस्था का कहना है कि स्वच्छ बिलासपुर का लक्ष्य केवल सरकारी प्रयासों से नहीं, बल्कि नागरिकों की भागीदारी से ही हासिल किया जा सकता है।