बिलासपुर। शहर में बढ़ती चाकूबाजी, गुंडागर्दी और असामाजिक गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए बिलासपुर पुलिस ने सोमवार को बड़े पैमाने पर विशेष सघन अभियान चलाया। पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर शहर के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ दबिश, जांच और सत्यापन की कार्रवाई की गई। इस दौरान 85 संदिग्ध एवं आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जबकि 56 आदतन बदमाशों और चाकूबाजों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। वहीं 25 लोगों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया।

पुलिस द्वारा तड़के शुरू किए गए इस अभियान में विभिन्न थाना क्षेत्रों की टीमों ने निगरानी बदमाशों, चाकूबाजों और आपराधिक रिकॉर्ड वाले व्यक्तियों के घरों और ठिकानों पर एक साथ दबिश दी। पुलिस ने उनकी गतिविधियों का सत्यापन किया और कानून-व्यवस्था के लिए खतरा बनने वाले तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की।
चार लोगों के पास मिले अवैध धारदार हथियार..
अभियान के दौरान चार व्यक्ति अवैध धारदार हथियारों के साथ पकड़े गए। पुलिस ने उनके कब्जे से हथियार जब्त कर आर्म्स एक्ट के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए हैं। अधिकारियों का कहना है कि शहर में अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा।
56 बदमाशों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई..
पुलिस जांच के बाद 56 आदतन गुंडा-बदमाशों और चाकूबाजों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 126 एवं 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। वहीं 25 व्यक्तियों को धारा 170 बीएनएसएस के तहत न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया।
एसएसपी की सख्त चेतावनी..

पुलिस अधिकारियों ने अभियान के दौरान चिन्हित असामाजिक तत्वों, निगरानी बदमाशों और चाकूबाजों को स्पष्ट चेतावनी दी कि भविष्य में किसी भी प्रकार की मारपीट, भय का माहौल बनाने, अवैध हथियार रखने या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे मामलों में कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने यह भी संकेत दिया है कि आवश्यकता पड़ने पर जिला बदर, निरोधात्मक कार्रवाई और अन्य कड़े कानूनी प्रावधानों का भी इस्तेमाल किया जाएगा।
अपराधियों के खिलाफ अभियान रहेगा जारी..
बिलासपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अपराध, गुंडागर्दी, चाकूबाजी और असामाजिक गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बढ़ावा नहीं दिया जाएगा। कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले तत्वों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस ने आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यदि किसी क्षेत्र में असामाजिक गतिविधियों, अवैध हथियार रखने वाले व्यक्तियों या संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी हो तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
अभियान एक नजर में..
कुल हिरासत में लिए गए व्यक्ति – 85
प्रतिबंधात्मक कार्रवाई – 56
जेल भेजे गए व्यक्ति – 25
आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज प्रकरण – 04
सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ चलाया गया विशेष अभियान..
बिलासपुर पुलिस का यह अभियान शहर में कानून व्यवस्था मजबूत करने और अपराधियों में भय का वातावरण बनाने की दिशा में बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।







