घर में घुसकर युवती की गोली मारकर हत्या, तीन राउंड फायरिंग से दहला सक्ती..

पंजाब की निजी कंपनी में करती थी नौकरी, बाइक सवार दो बदमाश वारदात के बाद फरार; पुलिस सभी पहलुओं पर कर रही जांच..

सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में शुक्रवार को दिनदहाड़े हुई एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। थाना क्षेत्र के एक गांव में बाइक पर सवार होकर आए दो अज्ञात बदमाशों ने 25 वर्षीय युवती की उसके ही घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी। हमलावरों ने बेहद करीब से युवती पर तीन राउंड फायरिंग की, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ाते हुए आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।

पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान पूर्णिमा चौहान के रूप में हुई है। वह पिछले चार वर्षों से पंजाब की एक निजी कंपनी में कार्यरत थी और कुछ समय के लिए अपने गांव आई हुई थी। शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे पूर्णिमा अपने घर पर मौजूद थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक उसके घर पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक आरोपी बाइक से उतरकर सीधे घर के भीतर घुस गया, जबकि दूसरा साथी बाहर बाइक चालू हालत में खड़ा रहा।

बताया जा रहा है कि घर के अंदर पहुंचने के बाद आरोपी ने परिवार के सदस्यों से पूर्णिमा के बारे में पूछा। जैसे ही पूर्णिमा अपने कमरे से बाहर आई, आरोपी ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।अचानक हुई गोलीबारी से घर और आसपास के लोग घबरा गए। गोलियां पूर्णिमा के सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में लगीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ी। गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक हमलावर अपनी बाइक से फरार हो चुके थे। आंगन में खून से लथपथ पड़ी पूर्णिमा को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम और जांच अधिकारी मौके पर पहुंचे।घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए हैं। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आरोपियों और मृतका के बीच किसी प्रकार का पुराना विवाद, व्यक्तिगत रंजिश या अन्य कोई कारण तो नहीं था। जांच टीम हर संभावित एंगल से मामले की पड़ताल कर रही है।

पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जिलेभर में नाकाबंदी कर दी है। मुख्य मार्गों और संदिग्ध ठिकानों पर जांच अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है और जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।

दिनदहाड़े घर में घुसकर की गई इस हत्या ने ग्रामीणों को झकझोर कर रख दिया है। लोग घटना से स्तब्ध हैं और आरोपियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।