बेटियों की उड़ान को नवाचार के पंख, नशामुक्ति के संकल्प से मजबूत समाज की ओर बढ़ता बिलासपुर..

इंस्पायर अवार्ड में राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित रेणुका और तृषा का विधायक अमर अग्रवाल ने किया सम्मान, दोनों को पांच-पांच हजार की प्रोत्साहन राशि..

बिलासपुर। शिक्षा, नवाचार और नशामुक्ति को सामाजिक बदलाव का आधार बनाते हुए बिलासपुर में बालिकाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में एक और पहल सामने आई। नगर विधायक अमर अग्रवाल ने शनिवार को दयालबंद स्थित स्वामी आत्मानंद महारानी लक्ष्मीबाई शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने छात्राओं को शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन और निरंतर सीखने की प्रवृत्ति को जीवन का हिस्सा बनाने की बात कही। कार्यक्रम में नशामुक्ति का सामूहिक संकल्प भी लिया गया।

कार्यक्रम का सबसे खास आकर्षण इंस्पायर अवार्ड मानक प्रतियोगिता में राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित बिल्हा विकासखंड की दो छात्राओं रेणुका धनुआर और तृषा कमलेश का सम्मान रहा। दोनों छात्राओं को पांच-पांच हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।

समस्या देखकर समाधान खोज रहीं बेटियां..

राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित दोनों छात्राओं के मॉडल यह दिखाते हैं कि स्कूली बच्चे अपने आसपास की समस्याओं को समझकर उनके समाधान के लिए नवाचार कर सकते हैं।

देवरी खुर्द की रेणुका धनुआर ने ‘वॉल माउंट स्पिट डिटेक्शन एंड अलार्म सिस्टम’ तैयार किया है। यह मॉडल सार्वजनिक स्थानों पर थूकने की स्थिति का पता लगाकर अलार्म के जरिए लोगों को सचेत करने की परिकल्पना पर आधारित है।

वहीं बिजौर की तृषा कमलेश ने ‘वेदर गार्ड स्मार्ट बैग’ विकसित किया है। सेंसर आधारित यह बैग बारिश या नमी का संकेत मिलने पर इससे जुड़े छाते को स्वतः खोलने की व्यवस्था पर आधारित है। इससे बारिश के दौरान किताबों और अन्य जरूरी सामान को सुरक्षित रखने में मदद मिल सकती है।

सत्र 2024-25 में छत्तीसगढ़ से राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित 20 विद्यार्थियों में बिल्हा विकासखंड की ये दोनों छात्राएं शामिल हैं। अब दोनों छात्राएं 4 सितंबर को रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय मेंटरशिप प्रशिक्षण में अपने मॉडल प्रस्तुत करेंगी। विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में उनके मॉडल को राष्ट्रीय प्रतियोगिता के अनुरूप और बेहतर बनाया जाएगा।

बेटियां हर क्षेत्र में निर्णायक भूमिका निभा रही हैं..

छात्राओं से संवाद करते हुए विधायक अमर अग्रवाल ने कहा कि माता-पिता और गुरुजनों से मिलने वाली प्रेरणा जीवन में सफलता की मजबूत नींव होती है। उन्होंने कहा कि निरंतर सीखने और सही मार्गदर्शन के जरिए विद्यार्थी कठिन से कठिन लक्ष्य हासिल कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ जैसे अभियानों से समाज की सोच में सकारात्मक बदलाव आया है। आज बेटियां शिक्षा, विज्ञान, तकनीक, खेल और अन्य क्षेत्रों में अपनी पहचान बना रही हैं। जीवनभर सीखते रहना और अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करना ही राष्ट्र निर्माण में सार्थक योगदान है।

छात्र कैबिनेट को दिलाई शपथ, नशामुक्ति का लिया संकल्प..

कार्यक्रम के दौरान विधायक ने विद्यालय की छात्र कैबिनेट को शपथ दिलाई। उन्होंने छात्राओं को विद्यालय के रखरखाव और बेहतर संचालन में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर मौजूद लोगों ने नशामुक्ति का सामूहिक संकल्प भी लिया।

विद्यालय की होम एग्जाम परीक्षा में सर्वोच्च अंक हासिल करने वाली छात्राओं को भी सम्मानित कर उनका उत्साह बढ़ाया गया।

साइकिल से आसान हुई बेटियों की स्कूल तक पहुंच..

कार्यक्रम में छात्राओं को सरस्वती साइकिल योजना के तहत साइकिल वितरित की गईं। विधायक अमर अग्रवाल ने कहा कि बालिकाओं को घर से विद्यालय तक पहुंचने में सुविधा देने के उद्देश्य से संचालित यह योजना उनकी शिक्षा को निरंतर बनाए रखने में महत्वपूर्ण साबित हुई है।

उन्होंने कहा कि साइकिल मिलने से दूरदराज से आने वाली छात्राओं के लिए स्कूल तक पहुंच आसान होती है। इससे विद्यालय में उपस्थिति बढ़ाने और पढ़ाई बीच में छोड़ने की समस्या कम करने में भी मदद मिलती है।

उन्होंने कहा कि बेटा और बेटी दोनों पढ़ेंगे, तभी परिवार शिक्षित और सशक्त बनेगा। शिक्षित बालिका केवल अपने भविष्य को बेहतर नहीं बनाती, बल्कि परिवार, समाज और देश के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। शिक्षा रोजगार पाने का साधन मात्र नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता और सामाजिक बदलाव का आधार है।

15 सितंबर तक इंस्पायर अवार्ड के लिए पंजीयन..

कार्यक्रम में इंस्पायर अवार्ड मानक योजना की जानकारी भी दी गई। भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय की यह पहल विद्यार्थियों में विज्ञान, नवाचार और शोध के प्रति रुचि विकसित करने के उद्देश्य से संचालित है।

सत्र 2026-27 के लिए पंजीयन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और इसकी अंतिम तिथि 15 सितंबर निर्धारित है। कक्षा 6वीं से 12वीं तक के विद्यालयों को पांच विद्यार्थियों के नवाचारी विचारों का ऑनलाइन पंजीयन कराना है।

नागरिक अभिनंदन समारोह में भी शामिल हुए विधायक..

विद्यालय के कार्यक्रम के बाद विधायक अमर अग्रवाल टिकरापारा स्थित गुजराती समाज भवन में आयोजित नागरिक अभिनंदन समारोह में शामिल हुए। यहां उन्होंने नागरिकों से संवाद किया और शिक्षा, सामाजिक जागरूकता तथा नशामुक्ति जैसे विषयों पर मिलकर काम करने की आवश्यकता बताई।

कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष दीपक सिंह, पार्षद बंधु मौर्य, रंगा नादम, एल्डरमैन योगेश बोले, बीईओ भूपेन कौशिक, एबीईओ मुकेश अग्रवाल, शाला प्राचार्य प्रज्ञा गोपाल, साधना प्रधान, सी.बी. धृतलहरे, शहरी स्रोत समन्वयक वासुदेव पांडेय, योगेश पांडेय, शाला विकास समिति की प्रियंका मौर्य सहित शिक्षकगण और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।