छोटे पक्षियों का बड़ा साहस : घोंसले की रक्षा के लिए शिकारी बाज पर बोला हमला, जंगल में दिखा अद्भुत ‘मॉबिंग’ व्यवहार.. देखें वीडियो..

गरियाबंद। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर Udanti Sitanadi Tiger Reserve के दक्षिण उदंती परिक्षेत्र से वन्यजीवों की दुनिया का एक बेहद रोचक और प्रेरणादायक दृश्य सामने आया है। यहां घने जंगल में दो छोटे पक्षियों – Indian Paradise Flycatcher और White-browed Fantail – ने अपने घोंसलों, अंडों और बच्चों की सुरक्षा के लिए एक बड़े शिकारी पक्षी Crested Serpent Eagle का डटकर मुकाबला किया।

देखें वीडियो..

वन विभाग के अनुसार, जंगल में मौजूद क्रेस्टेड सर्पेंट ईगल जब पक्षियों के घोंसलों के करीब पहुंचा, तब दोनों छोटे पक्षी अचानक आक्रामक हो गए। उन्होंने बार-बार शिकारी पक्षी के सिर और पीठ पर चोंच से प्रहार करते हुए उसे अपने क्षेत्र से दूर खदेड़ने का प्रयास किया। कुछ समय तक लगातार हमले झेलने के बाद शिकारी पक्षी को वहां से हटना पड़ा।

वन्यजीव विशेषज्ञ इस व्यवहार को ‘मॉबिंग’ (Mobbing) कहते हैं। यह पक्षियों की एक विशेष रक्षात्मक रणनीति है, जिसमें आकार में छोटे पक्षी किसी बड़े शिकारी को सामूहिक रूप से परेशान कर अपने क्षेत्र और संतानों की रक्षा करते हैं। इस दौरान पक्षी न केवल चेतावनी भरी आवाजें निकालते हैं, बल्कि अवसर मिलने पर शिकारी पर सीधे हमला भी करते हैं।

विशेषज्ञों के मुताबिक मॉबिंग प्रकृति में साहस, सामूहिकता और जीवित रहने की अद्भुत रणनीति का उदाहरण है। छोटे पक्षी जानते हैं कि वे शिकारी का सीधा मुकाबला नहीं कर सकते, लेकिन लगातार हमला और शोर मचाकर उसे असहज बना देते हैं, जिससे वह क्षेत्र छोड़ने को मजबूर हो जाता है।

दक्षिण उदंती परिक्षेत्र में दर्ज किया गया यह दृश्य जैव विविधता से समृद्ध जंगलों की जीवंतता को भी दर्शाता है। यह बताता है कि वन केवल बड़े वन्यजीवों का ही नहीं, बल्कि पक्षियों और अन्य छोटे जीवों का भी सुरक्षित आश्रय हैं, जहां प्रत्येक प्रजाति पारिस्थितिकी तंत्र के संतुलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

विश्व पर्यावरण दिवस पर सामने आया यह दृश्य प्रकृति का एक महत्वपूर्ण संदेश भी देता है-साहस केवल आकार पर निर्भर नहीं करता। कई बार छोटे जीव भी अपनी एकता, बुद्धिमत्ता और दृढ़ संकल्प के बल पर बड़े से बड़े खतरे का सामना कर लेते हैं।

वन विभाग के दक्षिण उदंती परिक्षेत्र में पदस्थ बीट गार्ड टेकेश्वर देवांगन द्वारा इस दुर्लभ व्यवहार का वीडियो रिकॉर्ड किया गया, जिसे वन्यजीव प्रेमियों और प्रकृति संरक्षण से जुड़े लोगों द्वारा काफी सराहा जा रहा है। यह वीडियो जंगलों में पक्षियों के व्यवहार और उनके संरक्षण की आवश्यकता को समझने का एक महत्वपूर्ण दस्तावेज माना जा रहा है।