14 अगस्त को कलेक्टर कार्यालय से शुरू होगी यात्रा, सदर बाजार में केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू की तिरंगा यात्रा का होगा भव्य स्वागत..

बिलासपुर। स्वतंत्रता दिवस के पहले बिलासपुर के प्रमुख व्यापारिक क्षेत्र को तिरंगे के रंग में रंगने के लिए बिलासपुर सराफा एसोसिएशन ने अनूठी पहल की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘हर घर तिरंगा’ आह्वान से प्रेरित होकर एसोसिएशन ने इस बार ‘हर घर तिरंगा, हर दुकान तिरंगा’ का संकल्प लिया है। अभियान के तहत सराफा परिवार, चेंबर परिवार और जीण सेना के सदस्य अपने घरों व प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराने के साथ ही गोल बाजार और सदर बाजार क्षेत्र के घर-घर एवं दुकान-दुकान तक राष्ट्रध्वज पहुंचाने के लिए लोगों को प्रेरित करेंगे।
एसोसिएशन की ओर से 14 अगस्त को दोपहर 1 बजे कलेक्टर कार्यालय से तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा का शुभारंभ कलेक्टर संजय अग्रवाल (IAS) एवं SSP रजनीश सिंह (IPS) करेंगे। कलेक्टर कार्यालय से शुरू होकर यह यात्रा सदर बाजार पहुंचेगी। इसमें सराफा परिवार के साथ छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज से जुड़े व्यापारी तिरंगा लेकर शामिल होंगे।
सदर बाजार में पुष्पवर्षा से होगा स्वागत..
इसी दिन दोपहर 3 बजे गांधी चौक से सांसद बिलासपुर एवं केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू के नेतृत्व में निकलने वाली तिरंगा यात्रा का सदर बाजार में बिलासपुर सराफा एसोसिएशन और चेंबर परिवार द्वारा भव्य स्वागत किया जाएगा। व्यापारियों द्वारा यात्रा पर पुष्पवर्षा कर राष्ट्रभक्ति के इस आयोजन में सहभागिता की जाएगी। इसके लिए सदर बाजार क्षेत्र में सराफा परिवार और व्यापारी बड़ी संख्या में मौजूद रहेंगे।
एसोसिएशन के अध्यक्ष कमल सोनी ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर केवल कार्यक्रम आयोजित करने के बजाय इस बार पूरे व्यापारिक क्षेत्र को तिरंगामय बनाने का प्रयास किया जा रहा है। ‘हर घर तिरंगा, हर दुकान तिरंगा’ अभियान के माध्यम से लोगों को राष्ट्रध्वज के सम्मान और देश के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दिया जाएगा।
उन्होंने व्यापारियों, नागरिकों और चेंबर सदस्यों से अपील की कि वे 14 अगस्त की तिरंगा यात्रा और उसके स्वागत कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर शामिल हों। उन्होंने कहा कि जब शहर का हर वर्ग राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान में एक साथ खड़ा होता है, तो इससे सामाजिक एकता और राष्ट्रभक्ति की भावना और मजबूत होती है।
15 अगस्त को होगा भव्य ध्वजारोहण..
एसोसिएशन की ओर से हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी 15 अगस्त को भव्य ध्वजारोहण समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि गगन कुमार (IPS), CSP, सिटी कोतवाली तथा विशिष्ट अतिथि देवेश सिंह (T1), थाना सिटी कोतवाली उपस्थित रहेंगे।
इस अभियान को सफल बनाने में छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन एवं चैंबर से जुड़े पदाधिकारियों और सदस्यों की सक्रिय भूमिका रहेगी। इनमें सचिव श्रीकांत पाण्डेय, कोषाध्यक्ष रौनक साव, चेयरपर्सन राजेश शाह, कार्यकारी अध्यक्ष अजय सराफ सहित महेश दुबे, सूरज सोनी, नवनाथ आवले, छेदीलाल सराफ, महेंद्र शाह, दिलीप खंडेलवाल, अनिल गुप्ता, विजय शाह, पंकज पारिख, राजू पारिख, महेश सोनी, हरीश साहू, सनी सलूजा, रितेश सलूजा, प्रकाश सोनी, सज्जन सोनी, राजेश सोनी, आलोक सोनी, मनोज सोनी और केशव सोनी सहित अनेक सदस्य अभियान में जुटे हैं।
सराफा एसोसिएशन ने शहरवासियों से अपील की है कि 14 अगस्त को तिरंगा यात्रा और उसके स्वागत में सहभागी बनकर बिलासपुर को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगने में योगदान दें। एसोसिएशन का मानना है कि स्वतंत्रता दिवस की भावना केवल एक दिन तक सीमित न रहकर हर घर और हर प्रतिष्ठान तक पहुंचनी चाहिए।






