बिलासपुर। शहर के सरकंडा थाना क्षेत्र में नाली में पेशाब करने की मामूली बात पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस के हाथ एक और सफलता लगी है। विवाद के बाद चाकू और डंडे से हमला करने वाले एक और फरार आरोपी को सरकंडा पुलिस ने धर दबोचा है। इस पूरे मामले में पुलिस अब तक 4 मुख्य आरोपियों और 7 अपचारी बालकों को पकड़ चुकी है। आज गिरफ्तार किए गए आरोपी को पुलिस ने जेल भेज दिया है।

रात 12 बजे शुरू हुआ था विवाद..
घटना 25 अप्रैल 2026 की रात की है। रात के करीब 12 बजे प्रभात चौक चिंगराजपारा के रहने वाले प्रार्थी सनत सारथी खाना खाने के बाद अपने मोहल्ले में ही टहल रहे थे। उसी समय वहां विक्की अहिरवार और उसके साथियों के साथ नाली में पेशाब करने की बात को लेकर कहासुनी हो गई। बात इतनी बिगड़ी कि आरोपियों ने गालियां देनी शुरू कर दीं और जान से मारने की धमकी देते हुए जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों ने हाथ-मुक्के, डंडे और चाकू से सनत को बुरी तरह पीटा।
बीच-बचाव करने वालों को भी नहीं छोड़ा..
इस मारपीट से सनत के सिर, दाहिने हाथ और बाएं पैर में चोटें आईं। झगड़ा देखकर मोहल्ले के रेखा सारथी, बेटू विश्वकर्मा, सोनी सिंह ठाकुर और तिलक दास उसे बचाने आए, लेकिन हमलावरों ने उनके साथ भी गाली-गलौज कर जमकर मारपीट की। इससे रेखा के जांघ में, सोनी सिहं के सिर, पीठ और पेट में, बेदू विश्वकर्मा के सिर, हाथ, पैर व सीने में और तिलक दास के शरीर पर गंभीर चोटें आईं।
सीसीटीवी में मुंह बांधे नजर आए थे 15 लोग..
शिकायत के आधार पर सरकंडा पुलिस ने घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) रजनेश सिंह ने आरोपियों को जल्द पकड़ने के सख्त निर्देश दिए। इसके बाद एडिशनल एसपी (शहर) पंकज पटेल और सिविल लाइन सीएसपी निमितेश सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में एक टीम बनाई गई। पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज चेक किए, जिसमें करीब 15 लोग अपना मुंह ढांक कर मारपीट करते नजर आए।
अब तक 11 आरोपी सलाखों के पीछे..
फुटेज की बारीकी से जांच कर पुलिस ने पहले ही 3 आरोपियों- शैलेन्द्र रावत उर्फ बांडिया (22), दीपक निषाद उर्फ बुटु (21), दुर्गेश अहिरवार उर्फ सीनातान (19) और 7 अपचारी बालकों की पहचान कर उन्हें पकड़ लिया था। लेकिन एक आरोपी अमन अहिरवार उर्फ नाचू (24 साल), निवासी श्यामनगर मोची मोहल्ला लिंगियाडीह फरार चल रहा था।
पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। इसी बीच मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी अमन अहिरवार को पकड़ लिया। आज उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने इस मामले में बीएनएस की धारा 296, 115 (2), 351(3), 109, 191(2), 191(3) और आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की है।







