

तिफरा स्थित बिजली दफ्तर के बाहर धरना, गर्मी में बिजली संकट को लेकर जमकर नारेबाजी..

बिलासपुर। जिले में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती के विरोध में सोमवार को कांग्रेस ने तिफरा स्थित छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (CSPDCL) कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग बिजली विभाग के खिलाफ विरोध जताने पहुंचे। प्रदर्शन के दौरान माहौल उस समय गर्मा गया जब कुछ कार्यकर्ता कार्यालय के गेट और बाउंड्री वॉल पर चढ़ गए। स्थिति को देखते हुए विभागीय अधिकारियों ने मुख्य गेट खोल दिया, जिसके बाद प्रदर्शनकारी कार्यालय परिसर के मुख्य द्वार तक पहुंच गए।
इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ता नौतपा की भीषण गर्मी के बीच कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए और बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक लगातार बिजली गुल होने से आम जनता का जीवन प्रभावित हो रहा है। बार-बार बिजली कटौती के कारण लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है, वहीं दुकानदारों, छोटे व्यापारियों और घरेलू उपभोक्ताओं की परेशानी भी लगातार बढ़ती जा रही है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि नौतपा की शुरुआत के साथ ही तापमान लगातार बढ़ रहा है। ऐसे समय में घंटों बिजली बंद रहने से लोग बेहद परेशान हैं। भीषण गर्मी में बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे ज्यादा दिक्कत हो रही है। उन्होंने कहा कि सरकार और बिजली विभाग हर साल गर्मी और बरसात से पहले बिजली व्यवस्था सुधारने और मेंटेनेंस के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च करने का दावा करते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर व्यवस्था लगातार बदहाल नजर आ रही है।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने सवाल उठाया कि यदि समय पर बिजली लाइनों, ट्रांसफार्मरों और अन्य उपकरणों का रखरखाव किया गया है, तो फिर इतनी बार बिजली कटौती क्यों हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि विभागीय लापरवाही और कमजोर विद्युत ढांचे का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।
देखें वीडियो..
कांग्रेस ने बिजली विभाग से अघोषित कटौती तत्काल बंद करने, खराब विद्युत व्यवस्था में सुधार करने और उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सुधार नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक एवं उग्र रूप दिया जाएगा।
देखें वीडियो..
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने बिजली विभाग और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मौके पर पुलिस बल भी तैनात रहा ताकि स्थिति नियंत्रण में बनी रहे। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जनता की समस्याओं को लेकर उनका आंदोलन आगे भी जारी रहेगा और जरूरत पड़ने पर जिलेभर में बड़ा जनआंदोलन किया जाएगा।



