बिलासपुर। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस पर चिंगराजपारा स्थित गंधर्व समाज भवन देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। समाज के लोगों ने उत्साह और गरिमामय माहौल के बीच राष्ट्रीय ध्वज फहराकर आजादी का पर्व मनाया। तिरंगा लहराते ही पूरा परिसर राष्ट्रभक्ति के नारों और राष्ट्रगान से गूंज उठा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व सीबीआई मजिस्ट्रेट प्रभाकर ग्वाल ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान गंधर्व समाज की अध्यक्ष कौशिल्या गंधर्व, समाज के सचिव एवं भाजपा नेता राजकुमार गंधर्व सहित समाज के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में सदस्य मौजूद रहे। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान हुआ और उपस्थित लोगों ने तिरंगे को सलामी दी।

मुख्य अतिथि प्रभाकर ग्वाल ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज का दिन उन वीर स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करने का अवसर है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उन्होंने कहा कि देश की एकता, अखंडता और विकास को मजबूत बनाने में प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी महत्वपूर्ण है। नागरिकों को अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करना चाहिए।
समाज की अध्यक्ष कौशिल्या गंधर्व ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का दिन नहीं, बल्कि देश और समाज के प्रति अपने दायित्वों को समझने का अवसर भी है। उन्होंने समाज में एकता, भाईचारे और सहयोग की भावना को मजबूत करने पर जोर देते हुए युवाओं से शिक्षा, सामाजिक सेवा और रचनात्मक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
समाज के सचिव राजकुमार गंधर्व ने कहा कि देश की आजादी और उसकी रक्षा प्रत्येक नागरिक की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि समाज को संगठित होकर सामाजिक उत्थान और जनसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाना चाहिए। उन्होंने युवाओं से समाजहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर स्वतंत्रता संग्राम के महापुरुषों और वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर रामकुमार गंधर्व, राम शरण गंगे, कृष्ण कुमार चौहान, पंकज गंधर्व, विजय सागर, दुर्गा गंधर्व सहित गंधर्व समाज के अनेक सदस्य और आसपास के मोहल्लेवासी उपस्थित रहे।
समारोह के अंत में सभी ने देश की एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया। राष्ट्रगान और मिठाई वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। स्वतंत्रता दिवस के इस आयोजन ने चिंगराजपारा में सामाजिक एकता, भाईचारे और राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया।






