
दयालबंद आत्मानंद स्कूल में जिला स्तरीय प्रतियोगिता, जिलेभर से पहुंचे विद्यार्थी ; अमर अग्रवाल ने कहा- विकसित भारत की नींव आज के बच्चे और युवा..

बिलासपुर, 3 अक्टूबर। विकसित भारत की परिकल्पना को लेकर स्कूली बच्चों ने अपनी कल्पना और विचारों को चित्रों और भाषण के माध्यम से सामने रखा। ‘सेवा से संकल्प’ अभियान के तहत स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से मल्टीपरपज आत्मानंद स्कूल, दयालबंद में जिला स्तरीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। जिले के विभिन्न विकासखंडों से पहुंचे विद्यार्थियों ने राष्ट्र निर्माण, आत्मनिर्भरता, स्वच्छता, युवा शक्ति और सामाजिक समानता जैसे विषयों पर अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम में पूर्व मंत्री एवं विधायक अमर अग्रवाल ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 में जब देश आजादी की 100वीं वर्षगांठ मनाएगा, तब विकसित भारत की तस्वीर इन्हीं बच्चों और युवाओं के प्रयासों से आकार लेगी। उन्होंने विद्यार्थियों को केवल प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के बजाय देश के भविष्य को लेकर अपनी सोच विकसित करने की भी प्रेरणा दी।
आत्मनिर्भरता से मजबूत होगा विकसित भारत..
अमर अग्रवाल ने कहा कि विकसित भारत के लिए देश की सुरक्षा, संप्रभुता और अखंडता मजबूत होना जरूरी है। भारत आज ज्ञान, विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने वोकल फॉर लोकल, मेक इन इंडिया, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस और पीएम गति शक्ति मिशन जैसी पहलों का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे देश में उत्पादन, रोजगार और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए मुद्रा योजना और पीएम स्वनिधि जैसी योजनाएं संचालित हैं। इसी तरह आवास, पेयजल और रसोई गैस जैसी सुविधाओं से आम परिवारों के जीवन में बदलाव लाने का प्रयास किया जा रहा है। उनका कहना था कि आज का युवा केवल नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनने की दिशा में भी आगे बढ़ रहा है।
बच्चों के चित्रों में दिखी स्वच्छ और आत्मनिर्भर तस्वीर..
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपने चित्रों और भाषणों में स्वच्छता, पर्यावरण, समानता, तकनीक, शिक्षा और युवा शक्ति को विकसित भारत से जोड़कर प्रस्तुत किया। बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए अमर अग्रवाल ने कहा कि उनकी कल्पनाओं में भविष्य के भारत की तस्वीर साफ दिखाई देती है।


उन्होंने स्वच्छ भारत अभियान और योग की वैश्विक पहचान का भी उल्लेख किया। साथ ही विद्यार्थियों से कहा कि देश के विकास में उनकी भूमिका केवल भविष्य तक सीमित नहीं है, बल्कि वे आज से ही जिम्मेदार नागरिक के रूप में योगदान दे सकते हैं।
दो वर्गों में विद्यार्थियों ने हासिल किए पुरस्कार..

भाषण प्रतियोगिता में अमितेष तिवारी, अनिरुद्ध साहू, परी राय, मिथिला साहू, दिव्या पटेल और महिमा पांडे सहित विद्यार्थियों ने दोनों वर्गों में स्थान हासिल किए।

चित्रकला प्रतियोगिता में कनिष्ठ वर्ग में रिया रंजन (मस्तूरी), श्रद्धा सेन (बिल्हा), मानसी मानिकपुरी (कोटा) और ईशा करिमा (कोटा) विजेता रहे। वरिष्ठ वर्ग में नव्या अग्रवाल (बिल्हा), जया साहू (मस्तूरी), ललिमा कौशिक (कोटा) और धृतिका साहू (तखतपुर) ने बाजी मारी।

कार्यक्रम में पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष राजा पांडे, विधायक सुशांत शुक्ला, महापौर पूजा विधानी, भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक सिंह, कलेक्टर संजय अग्रवाल, प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी संदीप पांडे सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी, प्राचार्य, शिक्षक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।

अमर अग्रवाल ने प्रतियोगिता में शामिल सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य केवल सरकार का नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग की सामूहिक जिम्मेदारी है। बच्चों में पैदा होने वाली रचनात्मक सोच और जिम्मेदारी की भावना ही आने वाले भारत की मजबूत नींव बनेगी।







