राहुल गांधी के बयान पर भाजपा-भाजयुमो का तीखा विरोध..बिलासपुर में कई स्थानों पर पुतला दहन, भाजपा नेताओं ने कहा – कांग्रेस लोकतांत्रिक मर्यादा भूल रही..

बिलासपुर। कांग्रेस नेता Rahul Gandhi और छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष Deepak Baij द्वारा प्रधानमंत्री Narendra Modi को लेकर दिए गए बयान के विरोध में शुक्रवार को बिलासपुर में भाजपा और भारतीय जनता युवा मोर्चा ने जोरदार प्रदर्शन किया। शहर और ग्रामीण क्षेत्र में भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने पुतला दहन कर कांग्रेस नेताओं के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

भाजयुमो बिलासपुर ग्रामीण द्वारा आयोजित विरोध प्रदर्शन में भाजपा जिलाध्यक्ष Mohit Jaiswal ने राहुल गांधी के बयान को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि यह उनकी हताशा और संकुचित मानसिकता को उजागर करता है। उन्होंने कहा कि भारतीय राजनीति में मर्यादा, सामाजिक सद्भाव और लोकतांत्रिक मूल्यों का विशेष महत्व है, लेकिन कांग्रेस नेताओं की भाषा इन मूल्यों के विपरीत दिखाई दे रही है। लगातार चुनावी हार के कारण कांग्रेस नेताओं के व्यवहार और बयानबाजी में निराशा साफ झलक रही है।

भाजयुमो जिलाध्यक्ष Rishabh Chaturvedi ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने आतंकवाद और नक्सलवाद जैसी गंभीर चुनौतियों का मजबूती से सामना किया है। भारत की सीमाएं सुरक्षित हुई हैं और विश्व मंच पर देश की प्रतिष्ठा बढ़ी है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या देश की सुरक्षा मजबूत करना, नक्सलवाद का उन्मूलन करना और तिरंगे की वैश्विक प्रतिष्ठा बढ़ाना देशद्रोह की श्रेणी में आता है?

उन्होंने कहा कि लंबे समय से सत्ता से बाहर रहने की निराशा ने कांग्रेस पार्टी को लोकतांत्रिक मर्यादाओं की सीमाएं लांघने पर मजबूर कर दिया है। देश के लोकतांत्रिक रूप से चुने गए शीर्ष नेतृत्व के खिलाफ की गई अभद्र टिप्पणी न केवल निंदनीय है, बल्कि देशवासियों की भावनाओं का भी अपमान है।

विरोध प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में भाजपा और भाजयुमो कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम में यश मनहर, चंद्रप्रकाश सूर्या, तिलक साहू, तुषार चंद्राकर, राजकुमार साहू, रेखा सूर्यवंशी, पवन कश्यप, शैलेश गोरख, ललित यादव, ब्रजेश शर्मा, अंकित मिश्रा, अभिषेक साव, सूरज साहू, अजय रजक, नरेंद्र नायक, वैभव तंबोली, बिट्टू कौशिक सहित अनेक कार्यकर्ता शामिल हुए।

इसी मुद्दे पर पूर्व मंत्री एवं बिलासपुर विधायक Amar Agrawal ने भी कांग्रेस नेताओं के बयान की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah के खिलाफ अमर्यादित भाषा का प्रयोग कांग्रेस की संकीर्ण सोच को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि देश के सर्वोच्च संवैधानिक पदों पर बैठे नेताओं के प्रति इस प्रकार की बयानबाजी किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जा सकती।

अमर अग्रवाल ने कहा कि यही कारण है कि कांग्रेस लगातार जनता का विश्वास खोती जा रही है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक राजनीति में स्वस्थ आलोचना का स्थान है, लेकिन व्यक्तिगत और अभद्र टिप्पणियां राजनीतिक संस्कृति को कमजोर करती हैं।

पुराना बस स्टैंड स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी चौक पर भी भाजपा और भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी और दीपक बैज का पुतला दहन कर विरोध जताया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह ठाकुर, महापौर पूजा विधानी, सभापति विनोद सोनी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

वहीं दूसरी ओर विधायक अमर अग्रवाल ने विकास कार्यों की कड़ी में मगरपारा से भारत चौक तक बनने वाली सड़क का भूमिपूजन भी किया। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा और नागरिकों को बेहतर सुविधा मिलेगी।

सुशासन तिहार के अंतर्गत सरकंडा के नूतन चौक में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान और क्षेत्र का विकास उनकी प्राथमिकता है।

इस दौरान अमर अग्रवाल ने जापान में आयोजित होने वाले हॉकी अंडर-18 एशिया कप के लिए भारतीय टीम में चयनित बिलासपुर के खिलाड़ी Avi Manikpuri को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।