

जगदलपुर। बस्तर अंचल के युवाओं में मौजूद नैसर्गिक खेल प्रतिभा और कौशल को अब एक नया मुकाम मिलने जा रहा है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग जल्द ही जगदलपुर में नई और आधुनिक खेल अकादमी खोलने जा रहा है। यह बस्तर संभाग की पहली पूर्णतः आवासीय खेल अकादमी होगी। यहां युवाओं को एथलेटिक्स, फुटबॉल और आर्चरी (तीरंदाजी) के गुर सिखाए जाएंगे।

अकादमी को जल्द से जल्द धरातल पर उतारने के लिए विभाग ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक श्रीमती तनुजा सलाम ने जगदलपुर पहुंचकर ग्राउंड जीरो पर तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इन तीन प्रमुख खेलों पर रहेगा फोकस..
बस्तर के युवाओं की शारीरिक क्षमता और उनकी रूचि को ध्यान में रखते हुए इस अकादमी में मुख्य रूप से तीन खेलों का उच्च स्तरीय प्रशिक्षण दिया जाएगा। अकादमी में सीटों का निर्धारण भी कर दिया गया है :
एथलेटिक्स : 20 सीट
फुटबॉल : 25 सीट
आर्चरी (तीरंदाजी) : 20 सीट
इस तरह कुल 65 बालक खिलाड़ियों का चयन कर उन्हें तराशने का काम किया जाएगा।
13 से 17 साल के युवाओं को मौका, जल्द होंगे चयन ट्रायल..
खेल विभाग अकादमी में प्रवेश के लिए बहुत जल्द चयन ट्रायल आयोजित करने जा रहा है। इसका विज्ञापन जल्द ही जारी किया जाएगा। इस ट्रायल में 13 से 17 वर्ष आयु वर्ग के बालक खिलाड़ी हिस्सा ले सकेंगे। बस्तर अंचल हमेशा से अपनी मजबूत कद-काठी और नैसर्गिक खेल प्रतिभाओं के लिए जाना जाता रहा है। सही मंच मिलने से ये खिलाड़ी राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर मेडल जीतकर प्रदेश का नाम रोशन कर सकेंगे।
खिलाड़ियों को मिलेंगी ये अत्याधुनिक सुविधाएं..
खेल संचालक तनुजा सलाम ने बताया कि इस आवासीय अकादमी के शुरू होने से स्थानीय प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपने घर के करीब ही उच्च स्तरीय प्रशिक्षण मिलेगा।
खेल विभाग द्वारा चयनित खिलाड़ियों को निम्नलिखित सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी :
उच्च स्तरीय प्रशिक्षण एवं आधुनिक खेल उपकरण।
न्यूट्रीशियस डाइट और मुफ्त आवास व्यवस्था।
शिक्षा, स्वास्थ्य, इलाज और बीमा की सुविधा।
उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं में सीधी भागीदारी और स्पोर्ट्स किट।
खेल संचालक ने परखी ग्राउंड की हकीकत।
अपने जगदलपुर दौरे के दौरान खेल संचालक श्रीमती सलाम ने बस्तर के खेल अधिकारियों के साथ मौजूदा अधोसंरचनाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने उपलब्ध आवास, भोजन व्यवस्था, विद्यालय सुविधा, ट्रांसपोर्टेशन और प्रस्तावित अकादमी भवन का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि खिलाड़ियों के लिए सर्वसुविधायुक्त और बेहतर खेल वातावरण तैयार किया जाए।
खेलो इंडिया सेंटर का भी किया दौरा..

तैयारियों का जायजा लेने के बाद श्रीमती सलाम ने खेलो इंडिया लघु केन्द्र पण्डरीपानी में संचालित हाॅकी सेंटर का भी दौरा किया। उन्होंने वहां छात्रावास भवन और जिम हाॅल का निरीक्षण कर सेंटर में ट्रेनिंग ले रहे खिलाड़ियों की संख्या और उपलब्ध खेल सामग्रियों की जानकारी ली।
उन्होंने खिलाड़ियों से सीधा संवाद कर ट्रेनिंग और अन्य सुविधाओं का फीडबैक लिया और व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।



