बिलासपुर-रायपुर हाईवे पर युवक ने दोस्तों के साथ किया खतरनाक स्टंट, चकरभाठा पुलिस की त्वरित कार्रवाई..

बिलासपुर। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक खतरनाक स्टंट के वीडियो पर चकरभाठा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए क्रेटा कार को जब्त कर लिया है। चलती कार की सनरूफ पर बैठकर स्टंटबाजी करने और यातायात नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाने वाले युवक के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार घटना बिलासपुर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित हिर्री माइंस क्षेत्र की है। रविवार देर रात करीब 2 से 3 बजे के बीच एक क्रेटा कार तेज रफ्तार में हाईवे पर दौड़ रही थी। इस दौरान वाहन में सवार युवक सनरूफ से बाहर निकलकर खतरनाक स्टंट कर रहे थे। चलती कार में की जा रही इस स्टंटबाजी से न केवल वाहन में बैठे लोगों की जान खतरे में थी, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य वाहन चालकों और राहगीरों की सुरक्षा भी जोखिम में पड़ गई थी।
वीडियो वायरल होते ही हरकत में आई पुलिस..
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमा सक्रिय हुआ। मामले की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया और वाहन की पहचान कर उसकी तलाश शुरू की गई। जांच में वाहन क्रमांक CG 10 BE 4400 की पहचान होने पर चकरभाठा पुलिस ने उसे पकड़कर थाने लाया।
देखें वॉयरल वीडियो..
पुलिस पूछताछ में वाहन चालक की पहचान प्रशांत जायसवाल (21 वर्ष) निवासी पुराना बस स्टैंड, महुआ होटल के पास, थाना कोतवाली बिलासपुर के रूप में हुई। पूछताछ के दौरान चालक ने स्वीकार किया कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन नहीं किया गया था और चलती कार में स्टंट किया गया था।
वाहन जब्त, चालक पर कार्रवाई..

चकरभाठा पुलिस ने संबंधित क्रेटा वाहन को जब्त कर लिया है तथा चालक के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत विधिवत कार्रवाई की है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सड़क पर इस तरह की स्टंटबाजी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है और ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
युवाओं को चेतावनी..
पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने या वीडियो बनाने के लिए अपनी और दूसरों की जान जोखिम में न डालें। सनरूफ पर बैठकर, खिड़कियों से बाहर निकलकर या तेज रफ्तार में स्टंट करना कानूनन अपराध होने के साथ-साथ जानलेवा भी साबित हो सकता है।
सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ नहीं होगा बर्दाश्त..
चकरभाठा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों का उल्लंघन कर सड़क सुरक्षा को खतरे में डालने वाले लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले ऐसे वीडियो पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और नियम तोड़ने वालों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







