पुलिस अफसरों को पैसा पहुंचाने का झांसा देकर 5 लाख की वसूली की कोशिश, एक आरोपी गिरफ्तार..

तारबाहर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, प्रार्थी से 1 लाख रुपये ऐंठने के बाद 4 लाख और मांग रहे थे आरोपी..

बिलासपुर। पुलिस अधिकारियों को पैसा देने के नाम पर लोगों को डराकर रकम वसूलने वाले गिरोह के खिलाफ तारबाहर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले में तीन लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की गई थी, जिनमें से एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार महासमुंद जिले के सरायपाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मोहदा निवासी रूपेश पटेल ने तारबाहर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि वह 19 जून 2026 को अपने निजी कार्य से बिलासपुर आया हुआ था। इसी दौरान उसकी दो महिला मित्रों के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जिसके चलते तीनों तारबाहर थाने पहुंचे थे।

थाने पहुंचने के बाद रूपेश पटेल ने घबराहट में अपने मित्र सचिन मेहर को फोन कर घटना की जानकारी दी। पुलिस जांच में सामने आया कि सचिन मेहर ने यह जानकारी बिलासपुर के व्यापार विहार निवासी सुमित देवांगन को दी। इसके बाद आरोपियों ने पूरे घटनाक्रम का फायदा उठाते हुए प्रार्थी और उसके परिजनों को फोन कर डराना शुरू कर दिया।

आरोपियों ने कथित तौर पर कहा कि मामले को पुलिस अधिकारियों के स्तर पर निपटाने और कार्रवाई से बचाने के लिए उन्हें पैसे देने होंगे। इसी बहाने आरोपियों ने प्रार्थी के परिवार से 5 लाख रुपये की मांग की। पुलिस कार्रवाई और कानूनी परेशानी के डर से प्रार्थी के परिजनों ने आरोपी सुमित देवांगन के बैंक खाते में 1 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए।

शिकायत के अनुसार रकम मिलने के बाद भी आरोपी नहीं रुके और लगातार चार दिनों तक फोन कर शेष 4 लाख रुपये देने के लिए दबाव बनाते रहे। साथ ही धमकी भी दी जा रही थी। परेशान होकर प्रार्थी ने पूरे मामले की शिकायत पुलिस से की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल तथा नगर पुलिस अधीक्षक सिटी कोतवाली गगन कुमार के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई।

तारबाहर थाना प्रभारी निरीक्षक रविंद्र अनंत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और बैंकिंग लेन-देन की जानकारी जुटाकर आरोपी सुमित कुमार देवांगन (36 वर्ष), निवासी देवांगन मोहल्ला, चांपा, जिला जांजगीर-चांपा को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि उसके खाते में प्रार्थी के परिजनों द्वारा 1 लाख रुपये भेजे गए थे, जिसे उसने बाद में दूसरे आरोपी के खाते में ट्रांसफर कर दिया था।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। वहीं मामले के अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किसी भी व्यक्ति को पुलिस या प्रशासनिक कार्रवाई के नाम पर पैसे मांगने वालों से सतर्क रहना चाहिए। ऐसी किसी भी संदिग्ध मांग की तत्काल सूचना पुलिस को देने पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।