अशोकनगर-बिरकोना मार्ग बदहाल : जर्जर सड़क, घटिया नाली और बंद स्ट्रीट लाइट से लोग परेशान, कांग्रेस ने दी आंदोलन की चेतावनी..

बिलासपुर। अशोकनगर चौक से बिरकोना वार्ड क्रमांक 64 महामाया नगर तक जाने वाला मुख्य मार्ग इन दिनों अव्यवस्था की बड़ी मिसाल बन गया है। पिछले करीब तीन वर्षों से सड़क की हालत बेहद खराब है। जगह-जगह गड्ढे, टूटी सतह और अंधेरे के कारण यहां से गुजरना जोखिम भरा हो गया है। स्थानीय लोगों में इसे लेकर लगातार आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

यह मार्ग शहर के महत्वपूर्ण इलाकों को जोड़ता है। इसी रास्ते से सेंट्रल यूनिवर्सिटी, पंडित सुंदरलाल विश्वविद्यालय, पत्रकार कॉलोनी समेत 10 से अधिक कॉलोनियों के लोग आवागमन करते हैं। इसके बावजूद सड़क और बुनियादी सुविधाओं की अनदेखी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। क्षेत्र के निवासी रामप्रसाद साहू का कहना है कि यहां रोज छोटी-मोटी दुर्घटनाएं होती रहती हैं, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है।

नाली निर्माण पर भी उठे सवाल..

हाल ही में कराए गए नाली निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। कांग्रेस नेता अंकित गौरहा ने आरोप लगाया है कि नाली निर्माण घटिया तरीके से किया गया है और कुछ ही दिनों में इसमें दरारें नजर आने लगी हैं। उन्होंने इसे लापरवाही और संभावित भ्रष्टाचार का उदाहरण बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

कांग्रेस ने दी आंदोलन की चेतावनी..

इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। अंकित गौरहा ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सड़क की मरम्मत नहीं की गई और जिम्मेदार अधिकारियों व ठेकेदारों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। इसमें धरना-प्रदर्शन, चक्का जाम और प्रशासनिक दफ्तरों का घेराव शामिल हो सकता है।

आम लोगों की परेशानी बढ़ी..

स्थानीय निवासी प्रकाश कश्यप ने बताया कि खराब सड़क, उड़ती धूल और बंद स्ट्रीट लाइट के कारण लोगों का रोजमर्रा का जीवन प्रभावित हो रहा है। बच्चों, बुजुर्गों और वाहन चालकों के लिए यह मार्ग खतरनाक बन चुका है। कई बार शिकायत के बावजूद अब तक स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।

महापौर ने दिए जांच के निर्देश..

वहीं महापौर पूजा विधानी ने कहा है कि सड़क और नाली निर्माण का कार्य जारी है और गुणवत्ता का ध्यान रखा जा रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि शिकायत मिलने पर जांच कर आवश्यक सुधार किए जाएंगे।