

बिलासपुर। शहर में सराफा कारोबारियों को निशाना बनाने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। तीन दिन के भीतर लूट की दूसरी बड़ी घटना सामने आई है। ताजा मामला सीपत क्षेत्र के खमरिया स्थित रमेश ज्वेलर्स का है, जहां दुकान बंद करते समय बदमाशों ने बैग लूट लिया और फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार, दुकान के संचालक विनय सोनी रात में दुकान का शटर गिराकर ताला लगा रहे थे। इसी दौरान दुकान के बाहर रखा एक बैग बाइक सवार तीन बदमाश उठाकर ले भागे। घटना इतनी तेजी से हुई कि व्यापारी संभल भी नहीं पाए। बैग में कितनी मात्रा में सोना-चांदी था, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो पाई है।

घटना के बाद बदमाश अकलतरा-बलौदा की दिशा में फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई और कई स्थानों पर नाकेबंदी की गई। संदिग्धों की तलाश जारी है, हालांकि समाचार लिखे जाने तक पुलिस अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया था।
तीन दिन में दूसरी वारदात..
गौरतलब है कि इससे पहले राजकिशोर नगर में भी एक सराफा व्यापारी से लूट की घटना हुई थी। उस मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर उत्तर प्रदेश से आरोपियों को गिरफ्तार कर सराहनीय कार्रवाई की थी। लेकिन इसके बावजूद एक और वारदात हो जाना कई सवाल खड़े कर रहा है।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल..

लगातार हो रही घटनाओं से सराफा व्यापारियों में दहशत का माहौल है। व्यापारियों का कहना है कि यदि जल्द सख्त कदम नहीं उठाए गए तो अपराधियों के हौसले और बुलंद हो सकते हैं। शहर में पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था और गश्त को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
अब देखना होगा कि पुलिस इस नई घटना का खुलासा कितनी तेजी से करती है और सराफा कारोबारियों को सुरक्षित माहौल देने के लिए क्या ठोस कदम उठाए जाते हैं।



